Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

CJP Protest: दिल्ली में महासंग्राम, केजरीवाल, संजय सिंह, ममता बनर्जी समेत कई नेता हिरासत में! प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प-पथराव की खबरें

CJP Protest: Massive showdown in Delhi; several leaders, including Kejriwal, Sanjay Singh, and Mamata Banerjee, detained! Reports of clashes and stone-pelting between protesters and the police.

नई दिल्ली। एसआईआर में कथित अनियमितताओं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन के चलते दिल्ली में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। इसके बाद नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे लोगों को कई स्थानों पर रोककर हिरासत में लिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प तथा पथराव की घटनाएं सामने आने की जानकारी मिली है। प्रदर्शन को रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं से लेकर नई दिल्ली के प्रमुख मार्गों तक पुलिस बल तैनात किया गया। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर आवाजाही नियंत्रित की गई। कनॉट प्लेस के राजीव चौक और संसद मार्ग की ओर जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस का सख्त पहरा रहा। इसके बावजूद अलग.अलग रास्तों से प्रदर्शनकारी पहुंचते रहे। कई जगहों पर भीड़ जुटने के बाद पुलिस ने लोगों को आगे बढ़ने से रोका। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विभिन्न स्थानों से सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन को कवर करने पहुंचे पत्रकारों और यूट्यूबर्स को भी हिरासत में लिए जाने के मामले सामने आए। पत्रकारों के साथ कथित अभद्रता को लेकर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने भी आवाज उठाई।

मीडिया कर्मियों को हिरासत में लिए जाने को लेकर प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े हुए हैं। दूसरी ओर, पुलिस की ओर से उद्घोषणा कर प्रदर्शनकारियों को भीड़ से अलग रहने और निर्धारित निर्देशों का पालन करने को कहा जाता रहा। इस बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। केजरीवाल ने युवाओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार है और युवाओं को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने अपील की कि युवा दिल्ली पहुंचें और जहां हिरासत में लिया जाए, वहीं धरने पर बैठ जाएं। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर केजरीवाल की हिरासत पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग करने पर केजरीवाल को हिरासत में लिया गया। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और गोपाल राय को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। उधर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के अन्य नेता साउथ एवेन्यू स्थित बस स्टैंड के पास धरने पर बैठे थे। उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, जोर बाग में प्रदर्शन के लिए निकले नेहा बोरा, अंजलि, प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को भी समर्थकों के साथ हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिली। सफदरजंग फ्लाईओवर के पास एक प्रदर्शनकारी के सिर में गंभीर चोट लगने की खबर भी सामने आई।