Oct 11, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: असम और मेघालय में बारिश ने मचाई तबाही! कांग्रेस का सत्याग्रह आज, उत्तराखंड में बदला रहेगा मौसम का मिजाज

Good Morning India: Rain wreaks havoc in Assam and Meghalaya! Congress's Satyagraha today, weather will change in Uttarakhand

नमस्कार दोस्तों, गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर आवाज 24x7 फिर हाजिर है। प्रमुख खबरों पर नजर डालते हैं, आज अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस दिल्ली में सत्याग्रह करेगी, पार्टी के सभी सांसद इसमें शामिल होंगे। वहीं आज प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के प्रगति मैदान में 920 करोड़ रुपए में बने इंटीग्रेटेड ट्रांजिट कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। उधर आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का आखिरी मैच शाम 7 बजे से बेंगलुरु में खेला जाएगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, असम और मेघालय में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। फोटो असम के कामरूप की है और यहां के हालात बखूबी बता रही है। जरूरत का छोटा-मोटा सामान बचाने में भी पूरी ताकत लगानी पड़ रही है। असम के 28 जिलों में 19 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। करीब एक लाख लोग राहत शिविरों में हैं। नलबाड़ी जिले के 203 गांव पानी में डूबे हैं। बाढ़ से कई डैम और सड़कें टूट गईं। NDRF, SDRF और इमरजेंसी सर्विस की टीमें प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को बचाने में जुटी हैं।

उधर भारत बायोटेक की चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. कृष्णा ऐला ने शनिवार को बताया है कि कोरोना की नेजल वैक्सीन के क्लिनिकल ट्रायल का फेज 3 पूरा हो गया है और कंपनी अगले महीने ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DGCA) को डेटा सब्मिट करेगी।

उधर सेना भर्ती की नई योजना अग्निपथ के विरोध में यूपी-बिहार और राजस्थान में चौथे दिन भी हिंसक प्रदर्शन हुए। बिहार में अब तक 700 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति को नुकसान हो चुका है। ट्रेनों में आगजनी होने के बाद रेलवे ने यहां रात 8 से सुबह 4 बजे तक ही ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। धमकी मिलने के बाद डिप्टी CM समेत BJP के 12 नेताओं को VIP सिक्योरिटी कवर दिया गया है।

इधर सेना में 4 साल की नौकरी के बाद अग्निवीरों को रक्षा मंत्रालय की भर्तियों में 10% आरक्षण मिलेगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ये आरक्षण इंडियन कोस्ट गार्ड, डिफेंस सिविलयन पोस्ट और 16 डिफेंस PSU में मिलेगा। गृह मंत्रालय ने भी CAPF और असम राइफल्स में अग्निवीरों को 10% आरक्षण का ऐलान किया है। दूसरे मंत्रालय भी इसकी गुंजाइश तलाश रहे हैं।

उधर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 हटने के बाद से हालात अच्छे नहीं हैं। चुनाव की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं, तो मेरा वहां होना जरूरी है। इसलिए मैं अपना नाम वापस लेना चाहता हूं। विपक्ष जिस नेता के नाम पर सहमत होगा, हम उसके साथ पूरी ताकत से खड़े होंगे।

इधर कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत खराब है। वे 7 दिन से हॉस्पिटल में एडमिट हैं। उनकी सेहत के लिए प्रियंका गांधी उज्जैन के महाकाल मंदिर में महामृत्युंजय मंत्र का जाप करा रही हैं। ये अनुष्ठान 11 दिन चलेगा। प्रियंका का मैसेज आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मंदिर में अनुष्ठान शुरू कराया। गांधी परिवार के सदस्य पहले भी महाकाल के दर्शन करने आते रहे हैं।

उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो अग्निपथ योजना (टीओडी) के खिलाफ उत्तराखंड में भी युवाओं में आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को दस जिलों में युवाओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के पुतले फूंके। पुलिस ने भी सख्ती बरतते हुए करीब 500 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए।

उधर उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पहाड़ों की बात करें तो कल दिनभर बारिश का दौर जारी रहा, वहीं आज भी मौसम बदला बदला है।