Oct 11, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: राहत की खबर, अब 5 से 11 साल तक के बच्चों को भी लगेगी वैक्सीन! उत्तराखंड में विकराल हुई जंगलों की आग, पांच मकान खाक

Good Morning India: News of relief, now children from 5 to 11 years will also get the vaccine! Forest fire in Uttarakhand, five houses destroyed

गुड़ मॉर्निंग इंडिया, आवाज 24x7 अपने खास कॉलम के साथ एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन दिल्ली में PM मोदी से मुलाकात करेंगे। वहीं आज चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर कांग्रेस में शामिल होने पर पार्टी लीडरशिप से बात करेंगे। उधर आज गृह मंत्री अमित शाह भोपाल में रहेंगे, वे ऑल इंडिया पुलिस साइंस कांग्रेस का उद्घाटन करेंगे। वहीं आज IPL के 34वें मैच में दिल्ली और राजस्थान के बीच शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी गुरु तेगबहादुर साहब के 400वें प्रकाश पर्व पर लाल किले में हुए कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने औरंगजेब और उस वक्त के माहौल का जिक्र कर कहा कि तब देश में मजहबी कट्टरता की आंधी आई थी। औरंगजेब जैसे अत्याचारियों ने अनेकों सिर धड़ से अलग किए, लेकिन हमारी आस्था को अलग नहीं कर सके। आततायी सोच के सामने गुरु तेगबहादुर जी चट्टान बनकर खड़े हो गए थे।
उधर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन दो दिन के लिए भारत आए हैं। दौरे की शुरुआत उन्होंने गुजरात से की। साबरमती आश्रम में उन्होंने गांधीजी को याद किया और फिर वडोदरा गए। यहां के हलोल में JCB कंपनी की नई यूनिट का उद्घाटन किया। अहमदाबाद में वे उद्योगपति गौतम अडाणी से मिले। शाम को अक्षरधाम मंदिर में पूजा की।
इधर दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी के हिंसा वाले इलाके में CCTV कैमरे लगा दिए हैं। यहां निगरानी के लिए अस्थायी मॉनिटरिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। उधर, अजय माकन के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस के डेलिगेशन को पुलिस ने पीड़ित परिवारों से नहीं मिलने दिया। सपा का डेलिगेशन आज जहांगीरपुरी जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यहां अतिक्रमण हटाने का काम रोक दिया गया है।
उधर जम्मू-कश्मीर के सुंजवां में सुबह 4 बजे से सुरक्षाबलों और आंतकियों के बीच एनकाउंटर जारी है। एनकाउंटर में एक जवान शहीद हो गया है, जबकि 5 जवान घायल हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर के ADG मुकेश सिंह ने बताया कि यहां कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद एनकाउंटर शुरू हुआ। सुरक्षाबलों का ऑपरेशन अभी भी जारी है।
उधर ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCEG) की विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) ने 5-11 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए बायोलॉजिटकल ई के कॉर्बेवैक्स कोविड वैक्सीन के प्रतिबंधित आपातकालीन उपयोग की सिफारिश की है। सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एसईसी (SEC)की सिफारिशों के बाद अब डीसीजीआई प्रतिबंधित आपातकालीन उपयोग को मंजूरी देगी। ज्ञात हो कि हैदराबाद स्थित फर्म बायोलॉजिकल-ई की ओर से विकसित, कॉर्बेवैक्स कोविड-19 के खिलाफ भारत का पहला स्वदेशी रूप से विकसित आरबीडी प्रोटीन सब-यूनिट वैक्सीन है।
उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां पहाड़ों में विकराल होती वनाग्नि अब आबादी क्षेत्र तक पहुंच गई है। बागेश्वर में पांच मकान और दो गोदाम आग की भेंट चढ़ गए। गनीमत रही कि मकानों में कोई नहीं रहता था। नैनीताल से पिथौरागढ़ तक अलग-अलग जगहों में भी जंगल धधकते रहे। बागेश्वर में जंगल की आग की चपेट में आने से कपकोट ब्लॉक के नामतीचेटाबगड़ में पांच मकान जल गए। मकानों में रखा सारा सामान राख हो गया है।