Good Morning India: कई जगहों पर कुदरत का कहर, मौसम विभाग ने दिया बड़ा अलर्ट! ओडिशा में दरिंदगी की शिकार नाबालिग ने दिल्ली एम्स में तोड़ा दम! उत्तराखण्ड में बारिश का अलर्ट, गबन के आरोपी लिपिक को पांच साल की सजा
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक आज NEET-PG 2025 परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी।
अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, पहाड़ों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में मानसून का कहर टूटा है। आसमान से आफत की बारिश हो रही है, जो जमीन पर तबाही मचा रही है। बारिश के कारण जगह-जगह मार्ग के टूटने से अमरनाथ यात्रा समय से एक सप्ताह पहले ही खत्म करनी पड़ी है। मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से शनिवार तड़के जम्मू-कश्मीर के कठुआ और उधमपुर में दो पुल ढह गए और पांच घरों में दरारें आ गईं। उत्तराखंड के चमोली में एक पन बिजली परियोजना के भूस्खलन की चपेट में आने से 12 मजदूर घायल हो गए हैं। हिमाचल में चार राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 387 सड़कें बंद हैं। वहीं, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच सेना ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है।
इधर ओडिशा के पुरी जिले में दरिंदगी की शिकार 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची ने आखिरकार दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्ची को 19 जुलाई की सुबह तीन अज्ञात लोगों ने अगवा कर जला दिया था। 70 फीसदी झुलसी हालत में उसे पहले पिपिली सीएचसी, फिर भुवनेश्वर एम्स और अंत में एयरलिफ्ट कर दिल्ली एम्स लाया गया था। शनिवार को उसकी मौत की पुष्टि खुद मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने की। मुख्यमंत्री मांझी ने एक्स पर लिखा कि बच्ची को बचाने की तमाम कोशिशें विफल रहीं। दिल्ली एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने लगातार इलाज किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सीएम ने बच्ची की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।
उधर चुनाव आयोग और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच चल रहा विवाद शनिवार को और गहरा गया। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोट चोरी के आरोपों को एक बार फिर खारिज करते हुए इसे 'बेबुनियाद' बताया। साथ ही, आयोग ने जून में राहुल को लिखा गया एक पत्र भी सार्वजनिक किया, जिसका जवाब अभी तक नहीं मिला। आयोग ने सवाल उठाया कि क्या राहुल के बयान सिर्फ मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए थे? चुनाव आयोग ने X पर राहुल गांधी के दावों को पूरी तरह नकारते हुए एक पोस्ट किया है।
इधर साउथ सिनेमा से लगातार दुखद खबरें आ रही हैं। हाल ही में एक्टर और मिमिक्री आर्टिस्ट कलाभवन नवास के निधन की दुखद खबर आई थी और अब प्रसिद्ध अभिनेता मदन बॉब ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। जी हां, मदन बॉब अब इस दुनिया में नहीं रहे, 2 अगस्त को उन्होंने चेन्नई में आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर ने उनके फैंस को और इंडस्ट्री को हैरान और निराश कर दिया है। अभिनेता के परिवार के एक करीबी ने इसकी जानकारी दी और बताया कि मदन लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और शनिवार को उनका निधन हो गया।
उधर यूपी के हापुड़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मस्जिद के इमाम की हैवानियत का खुलासा हुआ है। आरोप है कि मस्जिद के इमाम ने अपनी पत्नी के छोटे नाबालिक भाई के साथ ही कुकर्म कर डाला, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक मासूम के बड़े भाई ने पुलिस को शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी इमाम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इधर भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ ने शनिवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की वकालत की और कहा कि संविधान यूसीसी की वांछनीयता को व्यक्त करता है। भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश रहे 65 वर्षीय चंद्रचूड़ ने मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए यह टिप्पणी की। हालांकि, चंद्रचूड़ ने कहा कि यूसीसी को देश और समाज के सभी वर्गों को विश्वास में लेने के बाद ही लाया जाना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि समान नागरिक संहिता उनके हित में हो। मैंने वही कहा जो मुझे कहना था, यानी संविधान समान नागरिक संहिता की वांछनीयता को व्यक्त करता है। मैंने कहा कि संविधान के जन्म और स्थापना के कम से कम 75 साल बाद, हमारे लिए संविधान की इस महत्वाकांक्षा और लक्ष्य को साकार करना ज़रूरी है। लेकिन साथ ही, हमें अपने समाज और समुदाय के सभी वर्गों को विश्वास में लेना होगा कि यह वास्तव में भविष्य के न्यायपूर्ण भारतीय समाज के हित में है, जिसे हमें राष्ट्र में बनाने की आवश्यकता है।
उधर पाकिस्तान में रविवार तड़के भूकंप से धरती कांप उठी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.8 रही और इसकी गहराई 10 किमी थी। पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट ARY न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले शनिवार को खैबर पख्तूनख्वा, पंजाब और इस्लामाबाद समेत पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में 5.4 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, अभी तक किसी जनहानि की खबर नहीं है। पाकिस्तान भूकंप के लिए दुनिया के सबसे सक्रिय देशों में से एक है। पाकिस्तान में कई बड़े फॉल्ट स्थित हैं, जिसके चलते यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अभी तक यहां 2.28 से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं। हेमकुंड साहिब के कपाट 10 अक्तूबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। हेमकुंड साहिब की यात्रा 25 मई से शुरू हुई थ्री। बरसात में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं। इन दिनों यहां प्राकृतिक नजारा देखने लायक रहता है। हिम सरोवर के आसपास ब्रह्मकमल सहित अन्य प्रजाति के फूल खिले हुए हैं। हेमकुंड साहिब प्रबंधक ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि इस बार हेमकुंड साहिब में अब तक 2.28 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। 10 अक्तूबर को शीतकाल के लिए कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
इधर अमरूद के बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई राजमिस्त्री की मौत से किच्छा कोतवाली पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। पीएम रिपोर्ट में राजमिस्त्री की मौत गला घोंटने से सामने आई है। जांच के दौरान पुलिस के हाथ कई सुराग लगे, जिसके बाद हत्या के मामले में पत्नी, जीजा और पत्नी के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक नशे में पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करता था, जिससे तंग आकर 30 जुलाई की रात्रि में तीनों ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को अमरूद के बगीचे में ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
उधर उत्तराखंड में एक बार फिर से आफत की बारिश होने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में तीन और चार अगस्त को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने जो चेतावनी जारी की है, उसके अनुसार प्रदेश में तीन और चार अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार है। भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश के दौरान संवेदनशील इलाकों में लैंडस्लाइड और पहाड़ों के चट्टान गिरने की आशंका बनी रहती है। कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। इसीलिए भारी बारिश के दौरान पहाड़ों पर बेवजह सफर कर करें। बहुत जरूर हो, तभी घर से बाहर निकले।
इधर हरिद्वार में शासकीय धन का गबन कर सरकारी तंत्र की साख को चोट पहुंचाने वाले एक लिपिक को कोर्ट ने दोषी करार देते हुए सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ऐथल के लिपिक रहे आरोपी मदन सिंह गुसाईं को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने पांच साल की सजा सुनाई है। साथ ही दस हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। सहायक अभियोजन अधिकारी नवेंदु कुमार मिश्रा के अनुसार, आरोपी लिपिक ने वर्ष 2008 में विद्यालय में तैनाती के दौरान कई प्रधानाचार्यों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार कर उनके सामान्य भविष्य निधि खातों से अवैध रूप से धन निकाला। इतना ही नहीं, छात्र-छात्राओं से एकत्रित राजकीय शुल्क और छात्र निधि की रकम भी पासबुक में जमा न कर, उसका निजी लाभ के लिए गबन किया।