Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: बच्चे के लिए मां का रेस्क्यू, नदी के तेज बहाव में बचाई नन्ही जान! उत्तराखंड में मां और मासूम से सामूहिक दुष्कर्म, लिंक में पढ़ें भाजपा का मिशन महाराष्ट्र

Good Morning India: Mother's rescue for the child, the little life saved in the strong current of the river! Mother and innocent gang-raped in Uttarakhand, read in the link BJP's mission Maharashtra

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 के खास कॉलम गुड़ मॉर्निंग इंडिया में आपका स्वागत है। आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज यूपी की रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनावों के नतीजे आएंगे। उधर आज प्रधानमंत्री मोदी जर्मनी में रहेंगे, यहां वे जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वहीं आज भारत और आयरलैंड के बीच डबलिन में टी-20 सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा।

बड़ी खबरों कि शुरुआत एक मां के अपने बच्चे के लिए समर्पण से से करते हैं। दरअसल नदी के तेज बहाव में फंसे हाथी के छोटे बच्चे के रेस्क्यू का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि हाथियों का एक झुंड जंगल के बीच बह रही नदी पार कर रहा है। सभी हाथी नदी पार कर दूसरे छोर पर पहुंच जाते हैं, लेकिन हाथी का एक बच्चा नदी की तेज लहरों के बीच फंस जाता है। तभी बच्चे को बचाने हथिनी उसकी तरफ तेजी से भागती है और अपनी सूंड से पकड़कर उसकी जान बचा लेती है। इसके बाद हथिनी उसे नदी पार कराते हुए सुरक्षित अपने साथ ले जाती है।

उधर महाराष्ट्र में सियासी संग्राम के बीच बागी गुट ने सियासी गठबंधन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार देर रात एकनाथ शिंदे गुवाहाटी से इंदौर होते हुए वडोदरा गए थे, जहां उनकी मुलाकात महाराष्ट्र के पूर्व CM देवेंद्र फडणवीस से हुई। सूत्रों की मानें तो वडोदरा में फडणवीस से मुलाकात के बाद शिंदे रात में ही गुवाहाटी लौट आए। वहीं शनिवार सुबह शिंदे गुट ने दावा कर दिया कि उसके पास 38 विधायकों का समर्थन प्राप्त है, जिससे दलबदल कानून उन पर लागू नहीं होगा।

इधर मुंबई पुलिस ने भाजपा नेता नूपुर शर्मा को दूसरी बार समन जारी किया है। धार्मिक टिप्पणी के मामले में उन्हें शनिवार को मुंबई पुलिस के सामने पेश होना था, लेकिन वे पेश नहीं हुईं। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें पाइधोनी थाने में पेश होने के लिए समन जारी किया है। इससे पहले कोलकाता पुलिस ने भी नूपुर को 25 जून को दोबारा समन जारी किया था। धार्मिक टिप्पणी के खिलाफ नूपुर के खिलाफ महाराष्ट्र समेत कुल 10 राज्यों में केस दर्ज हुआ है।

उधर पंजाब में करप्शन केस में पकड़े गए IAS अफसर संजय पोपली के घर से साढ़े 12 किलो सोना बरामद हुआ है। पोपली के घर से सोने की एक किलो वाली 9 ईंटें, सोने के 3.16 किलो के 49 बिस्कुट और 356 ग्राम के 12 सोने के सिक्के मिले हैं। इसके अलावा चांदी की एक-एक किलो की 3 ईंटें भी मिली हैं। चांदी के 10-10 ग्राम के सिक्के भी बरामद हुए हैं।

इधर सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद बॉयफ्रेंड से मिलने पाकिस्तान जा रही एक युवती को पंजाब पुलिस ने अटारी बॉर्डर पर गिरफ्तार किया है। 24 साल की युवती का नाम फिजा खान है और वह मध्यप्रदेश के रीवा जिले की रहने वाली है। युवती के पास पाकिस्तान जाने का वीजा भी था, लेकिन पाकिस्तान जाने से पहले ही उसके नाम का लुक आउट सर्कुलर जारी हो गया।

उधर मौसम विभाग ने देश में कई जगहों पर बारिश, तूफान और अंधड़ को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इधर देश में कोरोना का डेली पॉजिटिविटी रेट 4.39% पर पहुंच गया है। ये दर 5% से ऊपर जाती है, तो संक्रमण बेकाबू माना जाता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कोरोना की चौथी लहर जुलाई में आ सकती है। ये अक्टूबर तक चलेगी और अगस्त में इसका पीक होगा। छत्तीसगढ़ के हेल्थ मिनिस्टर टीएस सिंहदेव तीसरी बार कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वे दिल्ली में ED के खिलाफ प्रदर्शन में भी शामिल थे।

उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो उत्तराखंड के रूड़की में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। शुक्रवार देर रात को कार में लिफ्ट देकर कार सवारों ने महिला और उसकी छह साल की बेटी के साथ गैंगरेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मां-बेटी को गंगनहर किनारे फेंककर फरार हो गए। लहूलुहान हालत में बेटी को लेकर महिला पुलिस के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।

इधर हाईकोर्ट ने राज्य में एलटी (कला वर्ग) के शिक्षकों की भर्ती के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा में पूछे गए सवालों को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई की। इसके बाद एलटी हिंदी, सामान्य विषय और शारीरिक शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति प्रक्रि या पर लगी रोक को बरकरार रखा है।