गुड़ मॉर्निंग इंडिया: दुनिया में मंकीपॉक्स का कहर! अब एक्स रोडीज को मिली गला काटने की धमकी, लिंक में पढ़ें चीफ जस्टिस ने क्यों राजनीतिक दलों पर कसा तंज
गुड़ मॉर्निंग इंडिया के साथ आवाज 24x7 आज के प्रमुख कार्यक्रमों और बड़ी खबरें लेकर फिर हाजिर है। आइए आज के उन कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं जिनपर आपकी और हमारी नजर रहेगी। आज हैदराबाद में भाजपा की रैली होगी, इसे PM मोदी संबोधित करेंगे। वहीं आज महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर पद के लिए चुनाव कराया जाएगा।
बड़ी खबरों की बात करें तो दुनियाभर में मंकीपॉक्स का कहर दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। अभी हाल में ही विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने बयान जारी करते हुए कहा कि 15 जून के बाद से यूरोप में मंकीपॉक्स के मामलों में 3 गुना इजाफा हुआ है। 6 मई को ब्रिटेन में इसका पहला केस मिलने के बाद पूरे यूरोप में अब तक लगभग 5,000 से ज्यादा लोगों में इस वायरस की पुष्टि हो चुकी है।
उधर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) एनवी रमना ने न्यायपालिका को पूरी तरह से स्वतंत्र और संविधान के प्रति जवाबदेह बताया है। CJI ने राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा- सत्ताधारी पार्टी का मानना है कि हर कार्रवाई में कोर्ट उनके हक में फैसला करे, वहीं विपक्षी दल भी न्यायपालिका से अपने एजेंडे को बढ़ाने की उम्मीद करते हैं। CJI ने ये बातें अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में एक सम्मान समारोह के दौरान कहीं।
इधर अमरावती में फेसबुक पर नूपुर शर्मा को सपोर्ट करने वाले उमेश कोल्हे की हत्या के मामले में सात आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें मुख्य आरोपी शेख इरफान शेख रहीम भी शामिल है। जांच में सामने आया है कि इरफान रायबर हेल्पलाइन नाम की एनजीओ चलाता है। सूत्रों के मुताबिक उसे नागपुर से गिरफ्तार किया गया है।
उधर उदयपुर में हुए कन्हैयालाल हत्याकांड के चारों आरोपियों को शनिवार दोपहर डेढ़ बजे जयपुर NIA कोर्ट में पेश किया गया। यहां वकीलों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी की और उनके साथ जमकर मारपीट की। वकीलों ने आरोपियों के कपड़े फाड़ दिए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए उन्हें कोर्ट रूम ले गई।
इधर मशहूर रियलिटी टीवी शो रोडीज की एक्स कंटेस्टेंट निहारिका तिवारी को उदयपुर के कन्हैयालाल की तरह गला काटने की धमकियां मिल रही हैं। इंस्टाग्राम यूजर्स ने इंस्टाग्राम पर मैसेज कर कहा है कि तू उल्टी गिनती शुरू कर, अब तेरी बारी है। दरअसल, निहारिका ने एक वीडियो पोस्ट कर उदयपुर की घटना की निंदा की थी। जिसके बाद से उन्हें इस तरह की धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं। वहीं भिलाई के एक युवक को भी जान से मारने की धमकी दी गई है।
उधर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुलंदशहर के खुर्जा में छापेमारी की है। NIA ने मूसेवाला की हत्या में AK-47 सहित अन्य हथियार सप्लाई करने वाले की तलाश में यह कार्रवाई की है। यहां से NIA एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
इधर दक्षिण चीन सागर में तूफान के दौरान एक औद्योगिक पोत डूब गया। जहाज में 30 लोग सवार थे, जिसमें करीब 25 लोगों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। अब तक तीन क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाला गया है।
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं, मां और छह साल की मासूम से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले चारों आरोपियों का केस लड़ने से वकीलों ने भी इनकार कर दिया है। दिल्ली से आए दो वकीलों ने जब मामले को सुना तो केस लड़ने से इनकार किया तो लौट गए। बताया जा रहा है कि अब आरोपियों के परिजन हरिद्वार, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के वकीलों के संपर्क में हैं।
उधर उत्तराखंड में बारिश की वजह से 107 सड़कें बंद हो गई हैं। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से राज्य के आठ राज्य मार्ग बंद हैं जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कें भी बंद हो गई हैं। लोनिवि के एचओडी अयाज अहमद ने बताया कि सड़कों को खोलने के लिए 244 जेसीबी मशीनों को तैनात किया गया है।