Oct 11, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: मां के जन्मदिन पर घर पहुंचे मोदी, पैर धोकर लिया आशीर्वाद! अग्निपथ पर बवाल जारी, उत्तराखंड में पांच सितारा होटल में महिला से दुष्कर्म

Good Morning India: Modi reached home on his mother's birthday, took blessings after washing his feet! Ruckus continues on Agneepath, woman raped in five star hotel in Uttarakhand

गुड़ मॉर्निंग इंडिया, आवाज 24x7 आज के प्रमुख कार्यक्रमों व बड़ी खबरों के साथ फिर प्रस्तुत है। आज के कार्यक्रमों की बात करें तो सेना में भर्ती वाली अग्निपथ योजना के विरोध के बीच प्रदर्शनकारियों ने भारत बंद बुलाया है। वहीं आज प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा के पास बनने वाले गुजरात सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कैंपस की आधारशिला रखेंगे।

बड़ी खबरों की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी मां हीराबेन के जन्मदिन पर अहमदाबाद पहुंचे हैं। PM ने अपनी मां के पैर धोए, उसके बाद उस पानी को आंखों से लगाया। मोदी ने अपनी मां के साथ बैठकर पूजा की, उन्हें शॉल ओढ़ाया और उनका आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री मोदी की मां ने भी जन्मदिन पर मिलने पहुंचे बेटे का मुंह मीठा कराया।

उधर सेना भर्ती की नई योजना अग्निपथ का विरोध 13 राज्यों तक पहुंच गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने यूपी, तेलंगाना और बिहार में 12 ट्रेनों में आग लगा दी। रेलवे स्टेशनों और बसों में तोड़फोड़ की गई। रेल नेटवर्क को निशाना बनाए जाने पर रेलवे ने 200 ट्रेनें कैंसल कर दीं। प्रदर्शन का सबसे ज्यादा असर बिहार और यूपी में है। बिहार के अलावा हरियाणा में इंटरनेट बंद किया गया है।

इधर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस और गोल्डी बराड़ समेत 5 गैंगस्टर शामिल थे। लॉरेंस से पूछताछ के बाद पंजाब पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ है। बाकी गैंगस्टर्स सचिन थापन, अनमोल बिश्नोई और बिक्रम बराड़ हैं। अनमोल और सचिन यूरोप में बताए जा रहे हैं। गैंगस्टर्स जानते थे कि मूसेवाला के पास बुलेटप्रूफ कार है, इसलिए उसे भेदने वाली रशियन राइफल मंगाई गई थी।

उधर इंग्लैंड ने नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में 498 रनों का स्कोर बनाया। ये वनडे क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले इंग्लैंड ने ही 19 जून 2018 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 481 बनाए थे। इंग्लैंड की ओर से फिल साल्ट, डेविड मलान और जोस बटलर ने शतक बनाए। यह तीसरा मौका है, जब एक पारी में तीन शतक लगे हों। इंग्लैंड को इस मैच में 232 रनों से जीत मिली।

इधर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन शुक्रवार को अचानक यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंच गए। रूसी हमले के बाद से ये उनकी दूसरी यूक्रेन यात्रा है। रूस की धमकियों के बावजूद जंग में यूक्रेन के साथ मजबूती से खड़े जॉनसन राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिले। दोनों ने शहीदों के सम्मान में फॉलन डिफेंडर्स मेमोरी वॉल पर फूल भी चढ़ाए।

उधर दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के पंपोर इलाके में रहस्यमय परिस्थितियों में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर का गोलियों से छलनी शव मिला है। सब-इंस्पेक्टर की पहचान फारूक अहमद मीर के नाम से की गई है। वे पंपोरा के लेठपेरा में 23 बटालियन IRP में तैनात थे।

इधर असम में बाढ़ से हालात खराब होते जा रहे हैं। राज्य के अलग- अलग जिलों में शुक्रवार को 9 लोगों की मौत हुई है। राज्य में इस साल बाढ़ और लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 55 हो गई। यह मौतें होजई, नलबाड़ी, बजली, धुबरी, कामरूप, कोकराझार और सोनितपुर जिलों में हुई हैं। होजई और सोनितपुर जिलों में दो लोगों के लापता होने की खबर है।

उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां में मौसम के करवट बदलने के साथ ही प्री-मानसून शावर भी तेज हो गए हैं। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बीते दो दिन से रुक-रुक कर वर्षा और बौछारें पड़ रही हैं। जिससे तापमान में भी तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। भीषण गर्मी से राहत मिली है।

उधर राजधानी के एक पांच सितारा होटल में महिला कर्मचारी के साथ बाथरूम में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म का आरोप माता-पिता के साथ होटल में ठहरे एक किशोर पर है। महिला होटल में हाउस कीपिंग का काम करती है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोर को संरक्षण में ले लिया। शनिवार को उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।