Good Morning India: ईरान ने अमेरिका से तोड़ा शांति समझौता,करो या मरो मैच में रोहित शर्मा की अग्निपरीक्षा,! उत्तराखंड में राहुल गांधी के कार्यक्रम को स्क्रिप्टेड बताने पर कांग्रेस का पलटवार, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।
मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के आसार: सैनिकों की मौत से बौखलाया अमेरिका, ईरान को दंडित करने के लिए नए सिरे से हवाई हमले
राम मंदिर चढ़ावा चोरी में नया मोड़: आरोपी टिन्नू का सनसनीखेज आरोप-अनिल मिश्रा की थी जिम्मेदारी, हम जेल में तो वो बाहर क्यों?
मिडिल ईस्ट में महायुद्ध का शंखनाद: ईरान ने अमेरिका से तोड़ा शांति समझौता, खामेनेई की धमकी-सिखाएंगे कभी न भूलने वाला सबक
फीफा विश्वकप इतिहास का सबसे रोमांचक मुकाबला, फ्रांस को 6-4 से रौंदकर इंग्लैंड ने जीता कांस्य, 44 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
जांजीबार के राष्ट्रपति चार दिवसीय भारत दौरा,मजबूत होगी 'ग्लोबल साउथ' की रणनीतिक साझेदारी
लॉर्ड्स में आज महामुकाबला: करो या मरो मैच में रोहित शर्मा की 'अग्निपरीक्षा',सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
कनाडा में भारतीय ट्रक ड्राइवर की बेरहमी से हत्या: नाले में मिला शव, मर्डर मिस्ट्री सुलझाने में जुटी हैमिल्टन पुलिस
पनामा के विदेश मंत्री जेवियर आज पहुंचेंगे दिल्ली: जयशंकर और पीयूष गोयल से महामंथन, व्यापार-सुरक्षा पर लगेगी मुहर
डिजिटल आत्मनिर्भरता: भारत का अपना सुरक्षित 'राष्ट्रीय समय नेटवर्क' लॉन्च, विदेशी प्रणालियों से मिलेगी मुक्ति
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: ममूटी और कार्तिक आर्यन ने रचा इतिहास,चुने गए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, यामी गौतम बेस्ट एक्ट्रेस
गंगोलीहाट में सनसनी: चलती टैक्सी से कूदकर बची हरियाणा की नाबालिग, चालक ने किया था दुष्कर्म का प्रयास
सोशल मीडिया पर आरएसएस की डिजिटल स्ट्राइक: नकारात्मक नैरेटिव से निपटेंगे दक्ष स्वयंसेवक, संघ तैयार कर रहा 'स्पेशल-11' टीम
राहुल गांधी के कार्यक्रम को स्क्रिप्टेड बताने पर कांग्रेस का पलटवार,कहा-भाजपा खो चुकी संवेदनाएं,'व्याकुल पिता के आंसुओं को स्क्रिप्टेड बताना भाजपा की असंवेदनशीलता
हरिद्वार में प्रेमिका से मिलने आए गैर-समुदाय के युवक को बेरहमी से पीटा, गले में डाला कुत्तों का पट्टा
उत्तराखंड की मुद्रिका खुशी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, बॉक्सिंग में पास किया एनटीओ एग्जाम
उत्तराखंड में महाऑपरेशन: दवा फैक्ट्री पर एसटीएफ का छापा, लाखों की संदिग्ध दवाएं और 100 पेटी हरियाणा की शराब बरामद,सील
उत्तराखंड में मानसून का महाकहर: अगले 48 घंटे भारी, 3 जिलों में रेड अलर्ट, मसूरी हाईवे ठप, मैदानी इलाके जलमग्न
हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में हालात बेहद विस्फोटक हो चुके हैं। जॉर्डन में ईरान समर्थित गुट के हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद अमेरिका पूरी तरह बौखला गया है। अमेरिकी सेना ने ईरान को कड़ा दंड देने के लिए नए सिरे से ताबड़तोड़ हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी वायुसेना ने लगातार आठवीं रात ईरान और उसके सहयोगी गुटों के ठिकानों पर भीषण बमबारी की। इस जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच हाल ही में हुआ शांति समझौता पूरी तरह टूट चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सैनिकों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए ईरान को सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिकी सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। दूसरी तरफ, अमेरिका के इन हमलों से भड़के ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने पलटवार किया है। उन्होंने अमेरिका को 'महाशैतान' करार देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षरों को पूरी तरह 'रद्दी' बता दिया। खामेनेई ने आरोप लगाया कि अमेरिका कभी अपनी बात पर नहीं टिकता और हमेशा धोखेबाजी करता है। उन्होंने खुली चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने तत्काल हमले नहीं रोके, तो ईरान और उसके सहयोगी देश अमेरिका को ऐसा सबक सिखाएंगे जिसे वह कभी भूल नहीं पाएगा।
अयोध्या। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे मुख्य आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। टिन्नू ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व सदस्य अनिल मिश्रा पर सीधे गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी ने पुलिस के सामने सवाल उठाया कि बैंक के साथ मिलकर दान राशि की गणना (गिनती) की प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा करवाना अनिल मिश्रा की जिम्मेदारी थी। ऐसे में अगर चोरी के आरोप में हम लोग जेल जा सकते हैं, तो अनिल मिश्रा कैसे बच गए? पूछताछ के दौरान टिन्नू यादव ने ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय को इस चोरी की जानकारी होने से साफ इनकार किया है। हालांकि, चंपत राय का ड्राइवर होने के नाते मंदिर प्रबंधन के हर काम में टिन्नू का सीधा हस्तक्षेप था। टिन्नू ने कुबूल किया कि चंपत राय के निर्देश पर ही वह दान पात्रों की चाबियां अपने पास रखता था और संवेदनशील स्थानों पर उसकी बिना रोक-टोक आवाजाही थी। यही नहीं, उसने यह भी स्वीकारा कि उसके पास चंपत राय की आईडी का एक्सेस था, जिसका इस्तेमाल कर वह वीआईपी पास बनाता और लोगों को दर्शन करवाता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दान राशि की गिनती के समय टिन्नू की मौजूदगी के कारण सुरक्षाकर्मी या ट्रस्ट के पदाधिकारी गणनाकर्मियों से कोई सवाल-जवाब नहीं करते थे, जिसका फायदा उठाया गया। हालांकि, जब पुलिस ने टिन्नू के सामने पुख्ता साक्ष्य (सबूत) रखे, तो वह खामोश हो गया और कई सवालों के जवाब नहीं दे सका।
वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव अब बेहद खतरनाक मुकाम पर पहुंच गया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने शनिवार को अमेरिका को सीधी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। खामेनेई ने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि अमेरिकी हमले तुरंत नहीं रुके, तो उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा जिसे वह कभी भूल नहीं पाएगा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षरों को पूरी तरह 'अमान्य और रद्दी' करार दिया है। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सरकारी टेलीविजन पर आधिकारिक पुष्टि कर दी है कि दोनों देशों के बीच एक महीने पहले हुआ शांति समझौता अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने समझौते की शर्तों को तोड़ा है, इसलिए ईरान अब इसके किसी भी नियम को मानने के लिए बाध्य नहीं है। इस घोषणा के बाद दोनों सेनाओं ने एक-दूसरे के ठिकानों पर भारी बमबारी शुरू कर दी है, जबकि अमेरिकी वायुसेना लगातार सात रातों से ईरान के गुप्त हथियार भंडारों को निशाना बना रही है। थमा दुनिया के तेल का रास्ता: समझौता टूटने के बाद वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए सबसे महत्वपूर्ण 'होर्मुज जलमार्ग' पर कब्जे की जंग तेज हो गई है। इसी रास्ते से दुनिया का 20% (पांचवां हिस्सा) कच्चा तेल गुजरता है। ईरान ने साफ किया है कि अब उसके सहयोगी संगठन मिलकर अमेरिका को चौतरफा जवाब देंगे, जिससे पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट और युद्ध का खतरा गहरा गया है।
म्यूनिख। फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान (कांस्य पदक) के मुकाबले में फुटबॉल इतिहास का वो रोमांच देखने को मिला, जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा। इंग्लैंड और फ्रांस के बीच गोलों की ऐसी बारिश हुई कि 1982 के बाद किसी विश्व कप मैच में सबसे अधिक 10 गोल होने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बन गया। इस हाई-वोल्टेज थ्रिलर में इंग्लैंड ने डिफेंडिंग चैंपियंस के हौसले पस्त करते हुए फ्रांस को 6-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। मैच की शुरुआत से ही इंग्लिश टीम ने मैदान पर ऐसी आक्रामक आंधी चलाई कि फ्रांसीसी डिफेंस तिनके की तरह बिखर गया। खेल के तीसरे ही मिनट में कप्तान डेक्लान राइस ने लंबी दूरी से एक सनसनीखेज गोल दागकर इंग्लैंड का खाता खोला। इसके बाद 18वें मिनट में राइस के ही एक सटीक कॉर्नर पास पर एजरी कोन्सा ने बुलेट हेडर के जरिए स्कोर 2-0 कर दिया। फ्रांस अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि स्टार फॉरवर्ड बुकायो साका का जादू सिर चढ़कर बोला। साका ने 37वें और फिर 43वें मिनट में बैक-टू-बैक दो जादुई गोल दागकर हाफटाइम से ठीक पहले इंग्लैंड को 4-0 की अकल्पनीय और मजबूत बढ़त दिला दी। 10 गोल के इस महासमर ने फुटबॉल प्रेमियों की सांसें थाम दीं और यह मैच फीफा इतिहास के सबसे रोमांचक पन्नों में दर्ज हो गया।
नई दिल्ली। जांजीबार के राष्ट्रपति और क्रांतिकारी परिषद के अध्यक्ष डॉ. हुसैन अली म्विनी शनिवार देर रात एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंचे। भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आए राष्ट्रपति म्विनी का विदेश मंत्रालय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यह महत्वपूर्ण दौरा भारत और तंजानिया के बीच तेजी से बढ़ते रणनीतिक और ऐतिहासिक संबंधों को एक नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। राष्ट्रपति म्विनी भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के विशेष निमंत्रण पर भारत आए हैं। उनके साथ उनकी पत्नी, कई कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरे पर शामिल हैं। नई दिल्ली में प्रवास के दौरान राष्ट्रपति म्विनी और उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी, जिसमें भारत-तंजानिया संबंधों के पूर्ण विस्तार और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की गहन समीक्षा की जाएगी। ग्लोबल साउथ पर फोकस: विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों के मजबूत जन-संबंधों और 'ग्लोबल साउथ' (विकासशील देशों) की साझा प्राथमिकताओं पर आधारित है। 20 जुलाई तक चलने वाले इस दौरे से व्यापार, रक्षा और शिक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच नई रणनीतिक साझेदारियों का रास्ता साफ होगा।
लंदन। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज अब बेहद रोमांचक और निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। सीरीज का तीसरा और आखिरी 'करो या मरो' का मुकाबला आज ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। दोनों टीमें फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं, जिससे आज का मैच सीरीज का विजेता तय करेगा। इस खिताबी जंग से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा सुर्खियों में हैं। दूसरे वनडे में उनकी धीमी बल्लेबाजी के बाद अफवाहें उड़ी थीं कि यह लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए साफ किया कि यह रोहित का आखिरी मैच नहीं है। भारत की अगली वनडे सीरीज सितंबर के आखिर में है, इसलिए भविष्य का फैसला बाद में होगा, लेकिन आज रोहित की कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों की कड़ी परीक्षा होगी। कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में जो रूट की नाबाद 99 रनों की बेहतरीन पारी के दम पर इंग्लैंड ने जोरदार वापसी की थी। इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक को भरोसा है कि उनकी टीम उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करेगी। आंकड़ों की बात करें तो इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 21 द्विपक्षीय वनडे सीरीज में से केवल 7 जीती हैं और आखिरी बार 2018 में भारत को मात दी थी। रोहित ब्रिगेड आज लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर अपनी पूरी ताकत झोंककर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
हैमिल्टन। कनाडा के ओंटारियो प्रांत से एक बेहद दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हैमिल्टन शहर में भारतीय मूल के 29 वर्षीय युवक तरनप्रीत सिंह सिद्धू की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तरनप्रीत का शव फ्रूटलैंड रोड के उत्तरी छोर पर स्थित एक सीवेज कलवर्ट (नाले की पुलिया) से बरामद हुआ है। इस खौफनाक घटना के बाद से कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय में सनसनी फैल गई है। कनाडाई पुलिस ने इसे सीधे तौर पर 'होमिसाइड' यानी हत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है। यह सनसनीखेज मामला बुधवार, 15 जुलाई की सुबह का है, जब स्थानीय पुलिस को नाले में शव होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे इमरजेंसी क्रू ने शव को बाहर निकाला, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तरनप्रीत सिंह सिद्धू साल 2022 में भारत से सुनहरे भविष्य की चाह में कनाडा आए थे और ब्रैम्पटन शहर में ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे थे। इस अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए हैमिल्टन पुलिस ने पील रीजनल पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त टास्क फोर्स का गठन किया है। पुलिस तरनप्रीत के आखिरी फोन कॉल्स, दोस्तों और उनके रूट की बारीकी से जांच कर रही है ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाया जा सके।
नई दिल्ली। भारत और पनामा के बीच रणनीतिक व कूटनीतिक संबंधों को एक नया आयाम देने के लिए पनामा के विदेश मंत्री जेवियर एडुआर्डो मार्टिनेज-आचा वास्केज आज (रविवार) देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस बेहद महत्वपूर्ण आधिकारिक दौरे की पुष्टि की है, जो 19 से 23 जुलाई तक चलेगा। यह दौरा दोनों देशों के बीच व्यापार, समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी मोर्चे पर एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होने वाला है।सोमवार से विदेश मंत्री जेवियर का व्यस्त कूटनीतिक कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। वह सबसे पहले नए संसद भवन में भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का खाका तैयार किया जाएगा। इसके तुरंत बाद, पनामा के विदेश मंत्री हैदराबाद हाउस का रुख करेंगे, जहां भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उनकी एक उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक होगी। इस महामंथन में कई वैश्विक मुद्दों, समुद्री कॉरिडोर की सुरक्षा और आपसी सहयोग के महत्वपूर्ण समझौतों पर अंतिम मुहर लगने की पूरी उम्मीद है।
बंगलूरू। भारत ने डिजिटल आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। सरकार ने देश का पहला अत्यंत सुरक्षित और सटीक 'राष्ट्रीय समय नेटवर्क' (नेशनल टाइम नेटवर्क) लॉन्च कर दिया है। 'व्हाइट रैबिट' तकनीक पर आधारित यह क्रांतिकारी प्रणाली पूरे देश में बेहद सटीक भारतीय मानक समय उपलब्ध कराएगी। इसका मुख्य उद्देश्य बैंकिंग, दूरसंचार, बिजली ग्रिड और डिजिटल सेवाओं जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विदेशी समय प्रणालियों (जीपीएस आदि) पर भारत की निर्भरता को पूरी तरह खत्म करना है। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बंगलूरू की क्षेत्रीय संदर्भ मानक प्रयोगशाला में इस नेटवर्क की शुरुआत की। यह परियोजना उपभोक्ता मंत्रालय, सीएसआईआर-एनपीएल और इसरो की एक संयुक्त और महत्वाकांक्षी पहल है। सरकार ने इसके तहत बंगलूरू से एनएसई के चेन्नई केंद्र तक सुरक्षित समय प्रसारण का सफल परीक्षण भी पूरा कर लिया है। साइबर सुरक्षा और वित्तीय व्यवस्था होगी मजबूत: केंद्रीय मंत्री जोशी ने बताया कि 'वन नेशन, वन टाइम' परियोजना भारत को तकनीकी रूप से सशक्त करेगी। देश का अपना भरोसेमंद समय स्रोत होने से उपभोक्ता संरक्षण, निष्पक्ष व्यापार, साइबर सुरक्षा और हमारी वित्तीय व्यवस्था को अभूतपूर्व सुरक्षा मिलेगी, जिससे भारत सटीक समय प्रसारण के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो गया है।
नई दिल्ली। साल 2024 के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा शनिवार शाम को कर दी गई है। नई दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजेताओं का एलान किया गया। इस बार के पुरस्कारों में बॉलीवुड और साउथ सिनेमा का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां बॉलीवुड के युवा स्टार कार्तिक आर्यन और मलयालम सिनेमा के महानायक ममूटी ने संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, मलयालम सुपरस्टार ममूटी को उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'ब्रमायुगम' में बेजोड़ अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया है। वहीं, कार्तिक आर्यन को फिल्म 'चंदू चैंपियन' में उनके करियर के सबसे बेहतरीन और प्रेरक अभिनय के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया है। अभिनेत्रियों में यामी गौतम ने बाजी मारी है; उन्हें फिल्म 'आर्टिकल 370' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (बेस्ट एक्ट्रेस) का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। राजकुमार राव स्टारर फिल्म 'श्रीकांत' को इस साल की 'सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म' चुना गया है। तुषार हीरानंदानी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में ज्योतिका, अलाया एफ और शरद केलकर ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। सिनेमा जगत के इन दिग्गजों की इस महाजीत से पूरे देश में जश्न का माहौल है।
अब रुख करते हैं उत्तराखंड की ख़बरों की तरफ़-पिथौरागढ़। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पाताल भुवनेश्वर घूमने आई हरियाणा की एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी से टैक्सी चालक द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। किशोरी ने चलती टैक्सी से कूदकर किसी तरह अपनी आबरू बचाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, हरियाणा से किसी बात पर नाराज होकर घर से भागी किशोरी ने नैनीताल से एक टैक्सी बुक की थी। चालक नंदन सिंह (निवासी लमगड़ा) उसे घुमाने के बहाने पाताल भुवनेश्वर ले जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे गुप्तड़ी के पास सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर चालक ने किशोरी से छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बहादुर किशोरी ने चलती टैक्सी का दरवाजा खोला और नीचे छलांग लगा दी। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक अन्य वाहन में सवार जागरूक लोगों ने पीड़िता की चीख सुनी और उसकी मदद की। वे तुरंत पीड़िता और आरोपी ड्राइवर को लेकर कोतवाली पहुंचे। कोतवाल कैलाश चंद्र जोशी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी नंदन सिंह के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 11/12 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। चलती गाड़ी से कूदने के कारण किशोरी को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने हरियाणा में उसके परिजनों को सूचित कर दिया है और फिलहाल किशोरी की काउंसिलिंग की जा रही है।
देहरादून। पारंपरिक रूप से घर-घर जाकर समाज से जुड़ने वाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अब डिजिटल दुनिया में भी एक बड़ी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। सोशल मीडिया पर संघ और उसके विचारों के खिलाफ बढ़ते नकारात्मक नैरेटिव (दुष्प्रचार) से निपटने के लिए आरएसएस अब दक्ष स्वयंसेवकों की एक विशेष डिजिटल टीम तैयार कर रहा है। इसके लिए उत्तराखंड के देहरादून में कई स्तर के गहन प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जा चुके हैं। संघ का मानना है कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया पर भ्रामक और नकारात्मक प्रचार बहुत तेजी से फैलते हैं। इस चुनौती का सामना करने के लिए स्वयंसेवकों को सामग्री निर्माण (कंटेंट क्रिएशन), सोशल मीडिया डिस्ट्रीब्यूशन और रिस्पॉन्स मैनेजमेंट का कड़ा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह विशेष टीम ऑनलाइन मंचों पर सक्रिय रहकर न केवल गलत सूचनाओं की पहचान करेगी, बल्कि तथ्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ उनका करारा खंडन भी करेगी। यह विंग केवल दुष्प्रचार की काट ही नहीं करेगी, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में संघ के योगदान व रचनात्मक कार्यों को भी प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखेगी। इस रणनीतिक पहल से संघ अब डिजिटल स्पेस में अपनी बात अधिक मजबूती और स्पष्टता के साथ रख पाएगा।
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे को लेकर उत्तराखंड की सियासत चरम पर पहुंच गई है। राहुल के कार्यक्रम को 'स्क्रिप्टेड' बताए जाने पर कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान की तीखी निंदा की है। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह अपनी संवेदनाएं खो चुकी है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी के मंच पर नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद जान गंवाने वाली छात्रा रिया कुमारी थापा के पिता राजेश मल मौजूद थे। उन्होंने भारी मन से मंच पर अपनी बेटी के टूटे सपनों का दर्द बयां किया और न्याय की गुहार लगाई। गरिमा दसौनी ने आरोप लगाया कि जो दल एक रोते हुए लाचार पिता के आंसुओं का मजाक उड़ा रहा है, उससे संवेदनशीलता की उम्मीद नहीं की जा सकती। कांग्रेस ने प्रशासनिक निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कानून व्यवस्था का हवाला देकर राहुल गांधी के कार्यक्रम को परेड ग्राउंड में रोकने की कोशिश की गई, जबकि उसी मैदान में एक पंजाबी गायिका के शो को मुफ्त एंट्री के साथ हरी झंडी दे दी गई। राजनीतिक दबाव के बावजूद यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा।
हरिद्वार। उत्तराखंड के धार्मिक शहर हरिद्वार से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कनखल थाना क्षेत्र की गणपति धाम कॉलोनी में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक गैर-समुदाय के युवक पर गुस्साई भीड़ ने तालिबानी अंदाज में हमला कर दिया। भीड़ ने युवक को न सिर्फ लहूलुहान होने तक पीटा, बल्कि क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसके गले में कुत्तों को बांधने वाला पट्टा तक डाल दिया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को युवक अपनी महिला मित्र के बुलाने पर उसके घर आया था, क्योंकि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। अजनबी युवक को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ। नाम-पता पूछने पर जब उसके गैर-समुदाय का होने का पता चला, तो भीड़ ने कानून हाथ में ले लिया। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित युवती की तहरीर पर 10 से 12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर की मुद्रिका खुशी गुरुरानी ने बॉक्सिंग के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्हें बॉक्सिंग में नेशनल टेक्निकल आफिशियल (एनटीओ) बनने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक की ओर से आधिकारिक मान्यता और प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है। मुद्रिका ने असम के गुवाहाटी में आयोजित आठवीं अंडर-19 राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में एनटीओ की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्हें इस उपलब्धि के लिए विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता मिली। मुद्रिका पहले से ही पांच बार की राष्ट्रीय पदक विजेता बॉक्सर हैं। इसके अलावा वह अंतरराष्ट्रीय तैराक के रूप में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्तमान में वह मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स की पढ़ाई कर रही हैं और शिक्षा के साथ खेलों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
बाजपुर। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स, ड्रग विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने हाईवे स्थित 'एल बायो टेक' कंपनी (दवा फैक्ट्री) पर अचानक छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य की संदिग्ध अंग्रेजी दवाएं और करीब 100 पेटी हरियाणा निर्मित अवैध शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार, एसटीएफ और ड्रग विभाग की गाड़ियों ने शनिवार देर रात जियो पेट्रोल पंप के पास स्थित इस फैक्ट्री को चारों तरफ से घेर लिया। ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जब फैक्ट्री और गोदाम की तलाशी ली गई, तो भारी मात्रा में संदिग्ध दवाएं मिलीं। इन दवाओं के स्टॉक और दस्तावेजों में भारी हेरफेर पाए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया।
बड़े खुलासे की उम्मीद: दवाओं के साथ-साथ गोदाम से भारी मात्रा में हरियाणा की शराब मिलना किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, संयुक्त टीम देर रात तक स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान करने में जुटी रही। इस मामले में जल्द ही कुछ बड़े चेहरों की गिरफ्तारी और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने अपना रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है, जिससे पहाड़ से लेकर मैदान तक हाहाकार मचा हुआ है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, वहीं मैदानी इलाकों में जलभराव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बेहद गंभीर चेतावनी जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। शनिवार को राजधानी देहरादून में दोपहर बाद हुई करीब तीन घंटे की लगातार झमाझम बारिश से पूरा शहर पानी-पानी हो गया। चौक-चौराहे जलमग्न होने से दुपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। वहीं, पर्यटन नगरी मसूरी में भी बारिश आफत बनकर बरसी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर गलोगी धार के पास पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर गिरने के कारण हाईवे करीब एक घंटे तक बंद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में जेसीबी की मदद से रास्ता साफ कराया गया।
दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।