Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: उदयपुर में पांचवें दिन भी कर्फ्यू, रैली में लगे नफरती नारे! 11 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, लिंक में पढ़ें उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग क्यों हुआ अलर्ट

Good Morning India: Curfew in Udaipur for the fifth day, hate slogans raised in the rally! Warning of heavy rain in 11 states, read in the link why health department alerted in Uttarakhand

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया कॉलम में आपका पुनः स्वागत है। आइए दिन की शुरुआत आज के प्रमुख कार्यक्रमों से करते हैं, आज हैदराबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। वहीं आज महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र होगा, इसमें शिंदे सरकार बहुमत साबित करेगी। उधर आज उदयपुर के कन्हैया हत्याकांड के आरोपियों को NIA कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बड़ी खबरों की बात करें तो उदयपुर में हुए कन्हैयालाल के हत्याकांड के पांचवें दिन शनिवार को भी कर्फ्यू रहेगा, हालांकि पाबंदियों में थोड़ी राहत मिलेगी। उदयपुर में 1 जुलाई को जगन्नाथ रथयात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकलने के बाद शनिवार से कर्फ्यू में ढील मिल सकती है। रविवार तक उदयपुर में इंटरनेट बंद ही रहेगा। सोमवार से उदयपुर में इंटरनेट शुरू होने की उम्मीद है। शनिवार को भी राजस्थान के 5 जिलों में बंद का ऐलान किया गया है।

उधर देश के ज्यादातर राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने मुंबई, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब-हरियाणा में कहीं-कहीं मध्यम, तो कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक और उत्तरी केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन की मौजूदा स्थिति पर एक बार फिर भारत के रुख को स्पष्ट किया। साथ ही उन्होंने युद्ध रोकने के लिए डायलॉग और डिप्लोमैसी की वकालत की। दोनों नेताओं ने 2021 में रूसी राष्ट्रपति भी भारत यात्रा के दौरान तय किए गए डेवलपमेंट प्रोगाम पर भी बात की।

उधर पीएम मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने के आरोप में यूपी पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरपी का नाम रेहान है और वह यूपी के बदायूं जिले के सहसवां थाना क्षेत्र के नदयाल गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि 30 साल के रेहान ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक पोस्ट की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

इधर झारखंड के दुमका से शुक्रवार को एसिड अटैक का मामला सामने आया है। घटना जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव की है, जहां एक शख्स ने एक दुकान के अंदर एसिड फेंक दिया, जिसमें 7 लोग घायल हो गए।

उधर वर्ल्ड बैंक ने पीएम मोदी के प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना और निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए कुल 1.75 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 13,834 करोड़ रुपए) के लोन को मंजूरी दी है। इनमें से एक अरब डॉलर हेल्थ सेक्टर के लिए दी है, जबकि बाकी के 75 करोड़ डॉलर प्राइवेट सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए दिए जाएंगे।

इधर राजस्थान के उदयपुर में टेलर की हत्या के विरोध में बुधवार को गुरुग्राम में विश्‍व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से रैली निकाली गई। इसमें एक समुदाय विशेष के खिलाफ नफरती नारे लगाए गए। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है।

उधर कन्हैयालाल का मर्डर सोची समझी साजिश थी। अब इस पूरे मामले में आरोपियों की जिहादी सोच का भी खुलासा हुआ है। रियाज की नफरत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसकी बाइक का नंबर 2611 था। यह नंबर मुंबई आतंकी हमले की तारीख से जुड़ा है। रियाज ने बाइक भले ही किश्तों में ली हो, लेकिन यह नंबर लेने के लिए RTO को 5 हजार रुपए एक्स्ट्रा फीस दी थी।

इधर महाराष्ट्र के पूर्व CM और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने वर्तमान CM एकनाथ शिंदे को पार्टी के नेता पद से हटा दिया है। उद्धव ठाकरे की ओर से पत्र जारी किया गया है। ठाकरे ने शिंदे पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और पार्टी तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां प्रदेश में कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने सभी जिलों को केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सैंपलों की जीनोम सीक्वेसिंग करने साथ ही जांचें बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

उधर मानसून की घोषणा होने के साथ ही उत्तराखंड में बारिश के सिलसिले में भी तेजी आई है। गुरुवार को राज्य के अनेक हिस्सों में अच्छी व कहीं कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चार जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का ऑरेंज व यलो अलर्ट जारी किया है।