गुड़ मॉर्निंग इंडिया: बटलर का धमाल, 14 साल बाद IPL के फाइनल में पहुंची राजस्थान! योगी का उत्तराखंड दौरा आज, धामी के लिए करेंगे प्रचार
नमस्कार दोस्तों, आवाज 274x7 गुड़ मॉर्निंग इंडिया के साथ एक बार फिर हाजिर है। आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकोट में पटेल समुदाय की रैली को संबोधित करेंगे। वहीं आज एशिया कप हॉकी में टीम इंडिया जापान के साथ सुपर-4 मुकाबला खेलेगी।
अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। शुरुआत खेल जगत से करते हैं, जोश बटलर के 62 बॉल पर 106 रन की धमाकेदार पारी की बदौलत राजस्थान ने बेंगलुरु को 7 विकेट से हराकर IPL-2022 के फाइनल में जगह बना ली है। अब 29 मई को राजस्थान और गुजरात के बीच अहमदाबाद में खिताबी जंग होगी। राजस्थान की टीम 14 साल बाद IPL फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2008 में दिवंगत क्रिकेटर शेन वॉर्न की कप्तानी में टीम ने खिताब जीता था। टीम के पास वॉर्न को श्रद्धांजलि देने का यह सबसे बेहतरीन मौका है।
उधर BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन एक साथ वर्चुअल मंच पर दिखेंगे। सूत्रों के मुताबिक 24 जून को BRICS सम्मेलन प्रस्तावित है। यूक्रेन-रूस जंग के बाद यह पहला मौका होगा, जब रूस-चीन और भारत किसी एक मंच पर दिखेगा।
इधर हाल ही में आईएएस दंपति संजीव खिरवार और उनकी पत्नी रिंकू दुग्गा की दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में सुविधाओं का दुरुपयोग करने के लिए आलोचना की जा रही है। वहीं असम की एक आईएएस अफसर ने सरलता की मिसाल पेश की है। आईएएस अधिकारी कीर्ति जल्ली को राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए कीचड़ से गुजरते देखा गया।
उधर मुंबई के चर्चित कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग्स केस में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को क्लीन चिट मिल गई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने शुक्रवार को स्पेशल कोर्ट में 6 हजार पन्नों की चार्जशीट पेश की, जिसमें आर्यन समेत 6 लोगों के नाम नहीं थे। आर्यन को पिछले साल 2 अक्टूबर को अरेस्ट किया गया था। 26 दिन बाद उन्हें जमानत मिली थी।
इधर लद्दाख के तुर्त सेक्टर में शुक्रवार को सुबह 9 बजे सेना की बस सड़क से 60 फीट नीचे श्योक नदी में गिर गई। हादसे में 7 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई और 19 जवान घायल हाे गए। सेना के मुताबिक, 26 सैनिकों की टुकड़ी पहाड़ी रास्ते से परतापुर से लेह जिले के हनीफ सब सेक्टर के फॉरवर्ड पोस्ट पर जा रही थी। तभी ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस नदी में जा गिरी।
उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां आनलाइन ऋण देने व प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी करने वाले आरोपित को कर्णप्रयाग पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आनलाइन ऋण देने के लिए आरोपित ने एक वर्चुअल कंपनी बनाने की बात स्वीकार की है, जिसमें फोन के जरिये किसी जरूरतमंद के संपर्क करने पर वह लोन दिलाने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम लेता था।
उधर चंपावत विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का प्रचार गरमाने के लिए आज उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैदान में उतरेंगे। धामी के समर्थन में प्रचार के दौरान वह एक जनसभा भी करेंगे। योगी के दौरे से प्रचार में जुटी भाजपा उत्साहित है। पार्टी ने कहा कि योगी के दौरे के बाद प्रचंड जीत पर मुहर लगेगी।