Good Morning India: LPG गैस की कीमतों में 33.50 रुपये की बड़ी कटौती! यूपी में मंत्री ने पुलिस बुलाकर अपने निजी सचिव को कराया गिरफ्तार! उत्तराखण्ड में प्रधान के लगभग सभी पदों के नतीजे जारी, जिला पंचायत की मतगणना आज भी! रामनगर में विजयी जुलूस में हिंसक झड़प, जानें आज क्या रहेगा खास?
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। अमेरिकी टैरिफ आज से लागू होंगे। वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय का नया शैक्षणिक सत्र आज से शुरू होगा। इधर राजधानी दिल्ली के 11 जिलों के 55 इलाकों में आज मॉकड्रिल होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, यूपी के मंत्री असीम अरुण ने अपने निजी सचिव को गिरफ्तार कराया है। सचिव पर समाज कल्याण विभाग के मुख्यालय में तैनात एक महिला कर्मी के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप लगे थे। महिला ने मंत्री असीम अरुण से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद मंत्री ने गोमतीनगर पुलिस थाने के इंस्पेक्टर को बुलाकर निजी सचिव को पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक महिला कर्मी ने मंत्री के निजी सचिव जय किशन सिंह पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण से लिखित शिकायत की। शिकायत के आधार पर मंत्री असीम अरुण ने गोमतीनगर SHO को आरोपी निजी सचिव के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। पुलिस आरोपी निजी सचिव को पूछताछ के लिए थाने लेकर गई।
इधर अमेरिका आज से भारत से टैरिफ वसूलेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि संयुक्त राज्य अमेरिका भारत से आयातित सभी वस्तुओं पर 25 फीसदी टैरिफ लगाएगा, जो 1 अगस्त, 2025 से प्रभावी होगा। इस अचानक कदम से अमेरिका को होने वाले लगभग सभी भारतीय निर्यात प्रभावित होंगे। अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है। व्हाइट हाउस ने दुनिया भर के देशों से होने वाले निर्यात पर वाशिंगटन द्वारा लगाए जाने वाले शुल्कों की एक विस्तृत सूची जारी की है।
उधर आंध्र प्रदेश में धरना देने के मामले में दर्ज प्राथमिकी सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को रद कर दी। मार्च 2019 में धरना के संबंध में कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि धरना देने वाले अपने विचारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उपयोग कर रहे थे। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने कहा कि प्राथमिकी उस समय दर्ज की गई जब लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव आचार संहिता लागू थी।
इधर बिहार के पटना के पास एक गाँव में दो बच्चों एक लड़की और एक लड़के के जले हुए शव एक ही कमरे में मिलने से दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि उनके परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि किसी ने उन्हें आग लगा दी। परिवार का आरोप है कि किसी ने पहले बच्चों की हत्या की और फिर उनके शवों को आग लगा दी। अंजलि कुमारी (15) और अंशुल कुमार (10) के जले हुए शव एक कमरे के अंदर मिले। मामला सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की। मामला सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की। पूरा मामला दानापुर के नगवा गांव का है।
उधर छांगुर बाबा जैसा केस भी बनारस में सामने आया है जिसकी शिकायत के बाद आरोपी डॉक्टर नईम कादरी को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं पीड़ित हिन्दू परिवार ने आपबीती सुनाते हुए कई खुलासे किए हैं। धर्मांतरण के इस प्रकरण के बाद अभी भी पीड़ित हिन्दू परिवार सदमे में है। पीड़ित महिला सिगरा थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में रहती हैं। उसने बताया कि डॉक्टर नईम कादरी खुद को बाबा बताता था। मुझे कुछ समस्या थी और उसी के कारण करीब 10 साल पहले मैं इसके सम्पर्क में आई। उस वक्त नईम कादरी मेरा इलाज किया। वो जो दवा देता था उससे मुझे नींद आती थी। जब दवा का असर खत्म हो जाता तो लगता कि मेरे साथ कुछ गलत हुआ है। इस बाबा के कारण मोहल्ले के लोग भी मुझे अपमानित करते थे। लोग जब आपत्ति जताते तो वह घर बदलवा देता था। पीड़िता ने बताया कि डॉक्टर नईम कादरी एक दिन मुझसे बोला कि मेरी गद्दी लगा दो मैं यहीं पूजा पाठ करूंगा। फिर वह लगातार मेरे घर आने लगा। यही नहीं जब मेरे पति घर पर नहीं होते तो भी आता जाता था। बहला फुसला कर मुझसे और मेरे पति से दूरी बनवा दिया और फिर कहने लगा कि आधार कार्ड पर बच्चों के नाम के आगे 'खान' टाइटिल लगवा दो। जब मैंने विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दिया और बोला कि बेटी का निकाह कराओ और बेटे का धर्मांतरण कराओ, नहीं तो इसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।
इधर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की घोषणा की है। OMCs ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 33.50 रुपये की कटौती का ऐलान किया है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नई कीमत आधी रात (1 अगस्त) से लागू हो गई हैं। नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में 1 अगस्त से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1631.50 रुपये हो गई, जो पहले 1665.00 रुपये थी। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उधर अगस्त के महीने में तीन बड़े त्योहार आ रहे हैं। इन त्योहारों के चलते कई दिन स्कूल बंद रहेंगे। दो त्योहार ऐसे हैं, जो शनिवार के दिन पड़ रहे हैं। ऐसे में लगातार दो दिन बच्चों की छुट्टी रहेगी। अगस्त में कम से कम आठ दिन स्कूल बंद रहेंगे। अलग-अलग राज्यों में छुट्टियां बढ़ने पर यह संख्या 10 से ज्यादा भी हो सकती है। अगस्त का पहला त्योहार 9 अगस्त (शनिवार) को है। इस दिन सभी स्कूलों की छुट्टी रहेगी। वहीं, 10 अगस्त को रविवार है। दोनों दिन स्कूल बंद रहेंगे। इसके बाद 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 16 जनमाष्टमी की छुट्टी होगी। 17 अगस्त को रविवार है। तीन दिन तक लगातार छुट्टी के चलते माता-पिता बच्चों के साथ छोटी ट्रिप पर भी जा सकते हैं। इसके बाद 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी के मौके पर भी स्कूलों की छुट्टी होगी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से प्रदेश के 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना शुरू हो गई। मतगणना आज शुक्रवार देर शाम तक पूरी होने का अनुमान है। प्रधान के सभी 6,119 पदों के नतीजे पहले ही दिन देर शाम तक जारी हो गए। अब तक सामने आए जिला पंचायत सदस्यों के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। बड़ी संख्या में निर्दलीय और दोनों दलों से बागी प्रत्याशियों ने भी जीत दर्ज की है। शुक्रवार की देर शाम तक जिला पंचायत के सभी पदों की मतगणना पूरी होने का अनुमान है। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन निर्दलीय-बागी प्रत्याशियों का ऊंट किस करवट बैठेगा।
इधर बागेश्वर में पांच अस्पतालों में इलाज न मिलने के बाद सैनिक के डेढ़ साल के बच्चे की मौत मामले में शासन ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक समेत चार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभागीय जांच से असंतुष्ट स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जिलाधिकारी को विस्तृत जांच सौंपी है। बागेश्वर में बच्चे के इलाज में लापरवाही पर प्रदेश सरकार सख्त है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की जांच कुमाऊं मंडलायुक्त को सौंपी है। वहीं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनुपमा ह्यांकी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद सिंह जंगपागी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब तलब किया है।
उधर जसपुर में विद्युत विभाग के कर्मचारी की मौत के बाद हंगामा हो गया। कर्मचारी की पहचान सतीश के तौर पर हुई है। कर्मचारी सतीश की लाइन ठीक करने के दौरान मौत हुई। घटना के बाद बाद मृतक के परिजन और विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने हाईवे पर शव को रखकर जाम लगाया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल और जसपुर विधायक आदेश चौहान भी पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद रही। बिजली विभाग के एसडीओ सद्दाम हुसैन के आश्वासन के बाद परिजन बमुश्किल माने, जिसके बाद हाईवे पर से जाम खुलवाया गया।
इधर पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद रामनगर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। रामनगर ग्राम टांडा मल्लू में नव-निर्वाचित ग्राम प्रधान सोनिया के विजय जुलूस के दौरान माहौल अचानक हिंसक हो गया। विजयी उम्मीदवार के समर्थकों और हारी हुई प्रत्याशी शहनाज परवीन के समर्थकों के बीच तीखी बहस के बाद पथराव और लाठीचार्ज की घटनाएं सामने आईं। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, जैसे ही ग्राम प्रधान पद की विजेता सोनिया का जुलूस गांव में निकला, वैसे ही पराजित प्रत्याशी शहनाज परवीन के समर्थकों से कहासुनी शुरू हो गई। इस विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर पथराव और लाठीचार्ज शुरू हो गया। हालात को देखते हुए मौके पर तुरंत पुलिस बल बुलाया गया, जिसने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया।
उधर उत्तराखंड वन विकास निगम के प्रबंध निदेशक के पद पर बदलाव हुआ है। अब वन विकास निगम में प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा को दी गई है। शासन ने इस संदर्भ में आदेश जारी करते हुए प्रमुख वन संरक्षक गिरजा शंकर पांडे को प्रबंध निदेशक का चार्ज प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा को देने के निर्देश दिए हैं। अब तक यह पद प्रमुख वन संरक्षक गिरजा शंकर पांडे संभाल रहे थे लेकिन अब उनकी जगह यह जिम्मेदारी प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा को दी गई है। हालांकि समीर सिन्हा को यह जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में दी गई है।