Oct 11, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: हिजाब के बाद अब बाइबिल विवाद! बेकाबू हो रहा कोरोना, उत्तराखंड में हाथी ने पुलिसकर्मी को पटक-पटककर मारा

Good Morning India: After Hijab Now Bible Controversy! Corona becoming uncontrollable, elephant thrashed policeman in Uttarakhand

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज नौसेना के कमांडरों का सम्मेलन दिल्ली में शुरू होगा, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री भी शामिल होंगे। वहीं आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली सरकार के स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों का कामकाज देखेंगे। वहीं आज IPL के 38 मैच में पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा।
बड़ी खबरों की शुरुआत आईपीएल से करते हैं। IPL में मुंबई इंडियंस लगातार 8वां मैच हार गई। उसे जीत के लिए 169 रन बनाने थे, लेकिन बने सिर्फ 132 रन। ईशान किशन फिर फ्लॉप रहे और 20 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। इससे पहले लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने 62 गेंदों में 103 रनों की पारी खेली। ये IPL में उनका चौथा शतक है।
उधर हनुमान चालीसा विवाद में अरेस्ट अमरावती सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को कोर्ट ने 14 दिन के लिए जेल भेज दिया है। दोनों पर भावनाएं भड़काने के साथ ही देशद्रोह का आरोप है। राणा दंपति को शनिवार को उनके खार वाले घर से अरेस्ट किया गया था। पुलिस ने उनके घर के सामने विरोध करने वाले शिवसेना के 13 कार्यकर्ताओं को भी अरेस्ट किया था। बाद में सभी शिवसैनिकों को जमानत मिल गई, क्योंकि उन पर जमानती धाराएं लगी थीं।
इधर कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी कमांडर रेहान समेत तीन आतंकियों को मार गिराया। इनमें एक पाकिस्तानी है। रेहान के निशाने पर पुलिसवाले रहते थे। पिछले साल जून में उसने नौगाम में इंस्पेक्टर परवेज की हत्या की थी। वह दो और पुलिसवालों की हत्या में भी शामिल था। कश्मीर पुलिस के IG विजय कुमार ने रेहान के एनकाउंटर को बड़ी कामयाबी बताया है।
उधर कर्नाटक में हिजाब के बाद अब बाइबिल पर विवाद शुरू हो गया है। बेंगलुरु के क्लेरेंस हाई स्कूल प्रबंधन ने फरमान जारी करते हुए कहा है कि स्कूल में बच्चों को बाइबिल लाना जरूरी है। स्कूल के इस फैसले को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। 
उधर देश में कोविड संक्रमण का बढ़ना पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी है। एक दिन में कोविड के 2,593 नए मामले सामने आए। इससे सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 15,873 हो गई। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकार भी सतर्क हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को मुख्यमंत्रियों के साथ इस मसले पर एक बैठक करेंगे। यह बैठक वीडियो कांफ्रेंस के जरिये होगी। प्रधानमंत्री मोदी कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए पहले भी कई बैठकें कर चुके हैं।  
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। मार्निंग वाक के लिए कोटद्वार-पुलिंडा मोटर मार्ग पर गए एक पुलिसकर्मी की हाथी के हमले में मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मी मनजीत सिंह निवासी विकासनगर (देहरादून) अन्य दिनों की तरह सोमवार सुबह अपने एक मित्र के साथ वाक के लिए गए थे। वह कोटद्वार पुलिंडा मार्ग पर वाक कर थे। सुबह करीब 6:00 बजे जब वह लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
उधर प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और लगभग पंद्रह घंटे के रोजे वाले दिनों में कम से कम हफ्ते भर और बिजली संकट झेलना पड़ेगा। रविवार को हरिद्वार के सिडकुल में लगभग 4 घंटे, ग्रामीण क्षेत्रों में 6-7 घंटे, ऊधम सिंह नगर में हर रोज तीन से पांच घंटे बिजली कटौती हो रही है। औद्योगिक उत्पादन पर भारी असर पड़ा है। खुद यूपीसीएल ने भी स्वीकार किया है कि वह एक सप्ताह में कटौती को नियंत्रण में लाएगा।