Good Morning India: हाथ पर सुसाइड नोट लिख महिला डॉक्टर ने दी जान, लिखा- मेरा बार बार रेप किया, पुलिस पर गंभीर आरोप! यूपी में बेकाबू कार का कहर, 7 को रौंदा, 5 की मौत! उत्तराखण्ड में राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियां तेज, जानें आज क्या रहेगा खास?
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। गृहमंत्री अमित शाह आज बिहारशरीफ, मुंगेर और खगड़िया में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं IRCTC की 'भारत गौरव' ज्योतिर्लिंग यात्रा आज से शुरू होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, महाराष्ट्र के सतारा में एक डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली और उसने पुलिस अधिकारी पर बार बार बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट में डॉक्टर ने लिखा है कि पुलिस मामलों में आरोपियों के फर्जी फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने के लिए उस पर दबाव डाला गया और इनकार करने पर उसे परेशान किया गया। इतना ही नहीं, दबाव न केवल पुलिस अधिकारियों द्वारा, बल्कि एक मामले में तो एक सांसद और उसके दो निजी सहायकों द्वारा भी डाला गया था। महिला डॉक्टर की आत्महत्या की खबर से हड़कंप मचा हुआ है। महिला डॉक्टर सतारा के फलटण उप-ज़िला अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्यरत थी। 26 वर्षीय महिला डॉक्टर ने अपनी हथेली पर लिखा था कि सब-इंस्पेक्टर गोपाल बडने ने उसके साथ चार बार बलात्कार किया और पांच महीने से ज़्यादा समय तक उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
इधर उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को हादसे का शिकार हो गईं। इस हादसे में वह बाल-बाल बच गईं। उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। बेबी रानी मौर्य लखनऊ जा रही थीं। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के 56वें किलोमीटर पर कठफोरी के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिरसागंज सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, शुक्रवार को हाथरस में कई कार्यक्रमों में शामिल होने गई थीं। लौटते समय उनकी कार आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गई। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित ट्रक मंत्री के वाहन से टकरा गया। इस हादसे में वह बाल बाल बच गईं, लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
उधर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। आईजीआई एयरपोर्ट पर दिल्ली सीमा शुल्क अधिकारियों ने शुक्रवार को उड़ान संख्या 8एम 620 से यांगून से आ रही एक महिला यात्री को रोक लिया। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि महिला यात्री को ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश करते समय रोका गया, जो उन लोगों के लिए है जिनके पास घोषित करने के लिए कोई शुल्क योग्य सामान नहीं है।
इधर उत्तर प्रदेश के आगरा में बेकाबू कार का कहर देखने को मिला है। जहां एक तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर बैठे सात लोगों को रौंद दिया। इनमें 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोग घायल हैं। मृतकों में चार पुरुष और एक महिला शामिल है। ये हादसा न्यू आगरा के नगला बूढ़ी इलाके में हुआ है। चश्मदीदों के मुताबिक, एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर घर के बाहर बैठे लोगों के बीच में जा घुसी और सात लोगों को रौंद दिया। मौके पर हड़कंप मच गया और लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
उधर उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। बर्रा थानाक्षेत्र के हरदेव नगर में शुक्रवार शाम एक 6 साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि बच्चे की मां का प्रेमी था, जो उसे चॉकलेट का लालच देकर घर के बाहर से ले गया। लेकिन वो उस मासूम को साथ लेकर नही लौटा, बल्कि उसकी हत्या कर के शव को फेंक आया, लेकिन CCTV ने उसकी मंशा पर पानी फेर दिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर पास की ही पांडु नदी से मासूम बच्चे का शव बरामद किया है और फरार आरोपी की तलाश में 3 टीमों को लगा दिया, जिसके बाद देर रात बर्रा पुलिस और क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गयी, जिसमे जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने आरोपी का हाफ एनकाउंटर कर दिया, जिसके बाद आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों एवं रजत जयंती पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को डीएम सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उच्च स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए कार्यवाही के निर्देश दिए गए। राज्य स्थापना दिवस पर प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के साथ ही सैन्यधाम का लोकार्पण प्रस्तावित है। इस मौके पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का आना प्रस्तावित है। डीएम ने लोनिवि, एमडीडीए, नगर निगम, विद्युत एवं वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित रूट सड़क मार्ग शहर के सौंदर्यीकरण, सफाई, झूलती विद्युत लाइन और गिरासू पेड़ों की लोपिंग समय पर की जाए। पेयजल विभाग को कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल आदि व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए कहा। कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
इधर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी ने भी छठ महापर्व से पूर्व मायके और ससुराल पक्ष के सदस्यों के साथ मां गंगा का स्नान कर पूजन किया। उन्होंने प्रबंध कार्यकारिणी संस्था श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों से प्रसाद स्वरूप गंगाजली और रुद्राक्ष की माला भी प्राप्त किया। इसी बीच साक्षी धोनी ने गरीबों और श्रद्धालुओं में स्टॉल लगाकर प्रसाद भी बांटे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उनके परिवार के सदस्य और महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जिवा ने पूरी आस्था के साथ हरकी पैड़ी पर लोगों का अभिवादन भी स्वीकार्य किया।
उधर प्रेमनगर थानाक्षेत्र के कंडोली में बृहस्पतिवार को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल के एक नर्सिंग स्टाफ ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली। उसके हाथ में कैनुला लगा मिला। वहीं बिस्तर पर शीशी, दो खाली सिरिंज और सुसाइड नोट मिला है। आशंका है कि उसने कैनुला से जहर का इंजेक्शन चढ़ाया। मृतक की शिनाख्त कंडोली के भद्रकाली निवासी अशोक (32) पुत्र प्रकाश चंद के तौर पर हुई। वह श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर काम कर रहा था। बिधौली चौकी प्रभारी प्रवीण सैनी ने बताया कि प्रकाश चंद ने सूचना दी कि उनके बेटे अशोक ने घर में सुसाइड कर ली है।
इधर कोतवाली कोटद्वार क्षेत्र में रामलीला के दौरान हुए विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस खुद हंगामे में फंस गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों ने पुलिस टीम को दौड़ा लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए 22 नामजद समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 महिलाओं समेत 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।