गुड़ मॉर्निंग इंडिया: महिला IAS अफसर के ठिकानों पर छापेमारी में मिले 19.31 करोड़! IPL सीजन में मुंबई की दूसरी जीत, उत्तराखंड में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका
नमस्कार दोस्तो, आवाज 24x7 के खास कॉलम गुड़ मॉर्निंग इंडिया में आपका पुनः स्वागत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में दोपहर 3 बजे से सर्वे और वीडियोग्राफी दोबारा शुरू होगी। वहीं आज पूरी तरह देश में बनी पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम ट्रेन को NCRTC को सौंपा जाएगा। उधर आज IPL में दोपहर 3:30 बजे पंजाब-राजस्थान और शाम 7:30 बजे लखनऊ-कोलकाता में मैच होगा।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। पड़ोसी देश श्रीलंका में राष्ट्रपति राजपक्षे ने ठीक एक महीने बाद फिर इमरजेंसी लगा दी। आधी रात से इसे लागू कर दिया गया। देश के खराब आर्थिक हालात और लोगों के सरकार विरोधी प्रदर्शनों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अब लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर नहीं उतर सकेंगे। महंगाई बढ़ने के बाद से लोगों में गुस्सा है। वे कई दिनों से संसद के बाद प्रदर्शन कर रहे थे।
उधर अवैध खनन मामले में ED ने देशभर में छापेमारी की है। यह कार्रवाई झारखंड की सीनियर IAS अधिकारी पूजा सिंघल और उनसे जुड़े लोगों के 20 ठिकानों पर की गई है। देर रात तक चली रेड में रांची, मुंबई, दिल्ली और जयपुर से कुल 19.31 करोड़ रुपए मिले हैं। इनमें अफसर के करीबी CA के घर से ही 17 करोड़ रुपए मिले। CRPF की कड़ी सुरक्षा में एक बस में कई बक्से ले जाए गए हैं।
इधर IPL में आखिरी पायदान पर चल रही मुंबई ने नंबर-1 टीम गुजरात को 5 रनों से हरा दिया। गुजरात को जीत के लिए 178 रन बनाने थे। शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा की शतकीय साझेदारी के बावजूद टीम 172 रन बना पाई। साहा ने 55 और गिल ने 52 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पंड्या ने 14 गेंदों पर 24 रनों की तेज पारी खेली। मुंबई की सीजन में ये दूसरी जीत और गुजरात की तीसरी हार है।
उधर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल पर टिप्पणी के आरोप में BJP लीडर तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी से सियासी घमासान मच गया है। बग्गा को पंजाब पुलिस ने घर से अरेस्ट किया था। हरियाणा के CM मनोहर लाल ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बताया है। देर रात गुरुग्राम में मजिस्ट्रेट के घर बग्गा की पेशी हुई। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
इधर साल 2022 का पहला चक्रवाती तूफान असानी 10 मई को भारत के तटवर्ती इलाकों से टकरा सकता है। मौसम विभाग ने बंगाल और ओडिशा के चार जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा कि साइक्लोन के समय हवा की रफ्तार 90 KMPH तक रह सकती है।
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। चम्पावत विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चुनौती देने को महिला प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी पर पर दांव खेला है। प्रत्याशी चयन को लेकर पार्टी को काफी मशक्कत करनी पड़ी। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के दो दिन बाद कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर स्थिति साफ हो पाई।
उधर उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुटी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने सुबह पार्टी छोड़ने की घोषणा की और दोपहर में दिल्ली में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। चम्पावत उपचुनाव के मौके पर इस टूट का असर पार्टी कार्यकर्त्ताओं के मनोबल पर असर डालने वाला साबित हो सकता है।