गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांडः तीन महीने पहले से रची गई साजिश! जिम ज्वाइन कर रेकी करता रहा आरोपी, दो की गिरफ्तारी के बाद मास्टरप्लान बेनकाब

Gangster Vikram Sharma murder case: The plot was hatched three months in advance! The accused joined a gym and conducted recce, and the masterplan was exposed after two arrests.

देहरादून। गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकाण्ड मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ और दून पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग प्रांतों से पकड़ा है। दरअसल सिल्वर सिटी मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड का एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने खुलासा किया है, जिसके तहत दून पुलिस ने अक्षत ठाकुर और राजकुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कई महीने पहले ही विक्रम शर्मा को मारने की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि जमशेदपुर और नोएडा में विक्रम शर्मा को ठिकाने लगाने की तैयारी थी, लेकिन विक्रम के साथ ज्यादा लोगों के चलने के कारण वो योजना को अंजाम नहीं दे पाए थे। घटना से करीब 3 महीने पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उसी जिम को ज्वॉइन किया था, जिसमें विक्रम शर्मा जाता था। पुलिस की मानें तो घटना के दिन भी आरोपी ने ही अपने अन्य साथियों को फोन के माध्यम से विक्रम शर्मा के जिम में होने की जानकारी दी थी। घटना के बाद भागने के लिए आरोपियों ने हरिद्वार से स्कूटी और बाइक रेंट पर ली थी, जिसका उन्होंने भागने में इस्तेमाल किया था। वहीं घटना में फरार आरोपियों पर देहरादून एसएसपी ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अभी भी 6 आरोपी फरार चल रहे हैं। बता दें कि बीती 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में स्थित एक जिम से बाहर आते वक्त आरोपियों ने विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। फरार आरोपियों में अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार, यशराज, जितेंद्र शामिल हैं।