गैंगस्टर विक्रम हत्याकांडः पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग! प्रॉपर्टी विवाद हो सकती है मर्डर की वजह, शक के घेरे में शिष्य अखिलेश
देहरादून। देहरादून में हाल में हुए हत्याकाण्ड मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। सूत्रों की मानें तो शुरूआती जांच रंजिशन हत्या और प्रॉपर्टी विवाद के बिंदुओं को केंद्र में रखकर की जा रही है। दावा किया जा रहा है कि शुरूआती जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा का शिष्य अखिलेश सिंह ने सुपारी देकर हत्या करवाई है। हांलाकि पूरी कहानी पुलिस खुलासे के बाद ही क्लियर हो पायेगी। गौर हो कि बीती 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में दिनदहाड़े विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस गोलीकांड से देहरादून पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। घटना को लेकर लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भी सवाल उठाए गए। अब दावा किया जा रहा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। ऐसे में देहरादून पुलिस ने इस मामले में जमशेदपुर एसएसपी पीयूष पांडे से संपर्क कर सहयोग मांगा है। साथ ही दून पुलिस विक्रम शर्मा हत्याकांड के मामले में उसके कुछ नजदीकियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश पहले हरिद्वार पहुंचे थे और वहां से देहरादून आए। जहां उन्होंने विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक विक्रम शर्मा के शिष्य अखिलेश सिंह पर हत्या समेत अन्य धाराओं में झारखंड में करीब 50 से ज्यादा मुकदमे में दर्ज है। ऐसे में विक्रम शर्मा और अखिलेश सिंह का झारखंड में वर्चस्व काफी ज्यादा है। वर्चस्व ज्यादा होने के बाद मृतक विक्रम शर्मा ने झारखंड के साथ उत्तराखंड में भी करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी अर्जित की है। विक्रम शर्मा का काशीपुर में स्टोन क्रशर संचालित करता था तो वहीं देहरादून में भी करोड़ों रुपए की संपत्ति है। उधर पुलिस की मानें तो शूटरों को झारखंड से पैसा भेजने की भी संकेत मिले हैं। विक्रम झारखंड का बड़ा गैंगस्टर था और इसकी हत्या की साजिश रचने वालों के बीच झारखंड से संपर्क होने के संकेत हैं।