उत्तराखण्ड में गुलदार का खूनी खेलः आधी रात को बाड़े में घुसकर मचाई तबाही! 17 बकरियों को उतारा मौत के घाट, दहशत में ग्रामीण
रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड में जंगली जानवरों का आतंक बदस्तूर जारी है। आलम ये है कि जानवरों के आतंक से लोग दहशत में हैं। ताजा मामला रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि से सामने आया है, यहां दूरस्थ ग्राम ढुंग में गुरुवार रात गुलदार ने भारी तबाही मचाते हुए दो पशुपालकों की 17 बकरियों को मार डाला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात गुलदार ने ग्राम ढुंग निवासी दिगपाल सिंह नेगी और सज्जन सिंह नेगी के बकरी बाड़े पर धावा बोल दिया। गुलदार ने एक के बाद एक कुल 17 बकरियों को मौत के घाट उतार दिया। सुबह जब पशुपालक बाड़े में पहुंचे, तो वहां का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बाड़े में बकरियां लहूलुहान पड़ी थीं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ओर बंदर, जंगली सूअर और लंगूर खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। दूसरी तरफ गुलदार अब पालतू जानवरों को निशाना बना रहा है। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान के आकलन की कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से अक्सर केवल खानापूर्ति की जाती है, जबकि जंगली जानवरों के आतंक से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते। प्रभागीय वनाधिकारी डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि. विभागीय टीम द्वारा मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।