बिहार कैबिनेट विस्तार पर दिल्ली में 'फाइनल मुहर': शाह के साथ सम्राट की बैठक, 3 नए चेहरों की चर्चा तेज

'Final Seal' Put on Bihar Cabinet Expansion in Delhi: Samrat Meets Shah; Speculation Rife Over 3 New Faces

दिल्ली। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की घड़ी करीब आते ही सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को दिल्ली के दौरे पर हैं, जहाँ भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठकों का दौर जारी है। सबसे अहम बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ होनी है, जिसमें बिहार मंत्रिमंडल के अंतिम स्वरूप और नए चेहरों के नामों पर अंतिम मुहर लग सकती है। 6 मई को प्रस्तावित विस्तार से पहले इस दौरे को बेहद निर्णायक माना जा रहा है। सम्राट चौधरी का दिल्ली में पूरा दिन बैठकों से भरा है। सुबह 10:15 बजे उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर अहम विषयों पर चर्चा की। इसके बाद 11 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और 11:30 बजे हम (HAM) संरक्षक जीतन राम मांझी के साथ उनकी मुलाकात तय है। सूत्रों की मानें तो इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य एनडीए के घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करना है। राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा भाजपा कोटे से बनने वाले मंत्रियों की है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा कोटे से कुल 16 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें 13 पुराने चेहरों को दोबारा मौका मिलने की प्रबल संभावना है। 3 नए चेहरों को शामिल कर पार्टी सोशल इंजीनियरिंग और युवाओं को साधने की कोशिश करेगी। वहीं, जदयू खेमे में बहुत बड़े फेरबदल की गुंजाइश कम दिख रही है, लेकिन वहां भी 2-3 नए चेहरों को जगह मिल सकती है। दिल्ली रवाना होने से ठीक पहले सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर करीब आधे घंटे तक मुलाकात की। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने विभागों के बंटवारे और एनडीए के 'समान फॉर्मूले' पर सहमति बना ली है। गौरतलब है कि पिछली बार शपथ ग्रहण सादगी से हुआ था, लेकिन इस बार मंत्रिमंडल विस्तार को एक भव्य रूप देने की तैयारी है। राजभवन में होने वाले इस समारोह में भाजपा के कई राष्ट्रीय दिग्गज नेता भी शिरकत कर सकते हैं। अब सबकी नजरें उन तीन नए नामों पर टिकी हैं, जो बिहार भाजपा की नई टीम का हिस्सा बनेंगे।