रुद्रपुर में पकड़ा गया ढोंगी बाबा! यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के लगे आरोप, महिला की शिकायत पर पुलिस ने लिया एक्शन
रुद्रपुर। रुद्रपुर पुलिस ने एक ढ़ोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है। ‘मायावी इच्छाधारी बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध यह आरोपी न सिर्फ ठगी करता था, बल्कि महिलाओं का यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग भी करता था। आरोपी ने निसंतान महिलाओं को झांसा देकर, तंत्र-मंत्र, वशीकरण और जमीन में गड़ा धन निकालने जैसे हथकंडों से करोड़ों रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे में उसे रुद्रपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार ढ़ोंगी बाबा के पास से वेशभूषा, सांप और अन्य नकली तांत्रिक सामान बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस की इस सफलता के लिए एसएसपी ने टीम को ₹5000 का इनाम भी घोषित किया है। इस गिरफ्तारी से समाज को एक बड़ा सबक और ठगों के खिलाफ सतर्कता का संदेश मिला है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।