देवभूमि में चुनावी हुंकार: 14 अप्रैल को दून आएंगे पीएम मोदी, एक्सप्रेस-वे की सौगात के साथ फूकेंगे जीत का शंखनाद
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ रहे हैं। इस यात्रा के दौरान वे दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे और राज्य को विकास की बड़ी सौगात देंगे। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र देकर लगातार तीसरी सरकार बनाने का लक्ष्य साधने में मदद करेंगे। भाजपा ने पीएम मोदी के स्वागत की भव्य तैयारियां शुरू कर दी हैं। हेलिकॉप्टर से गणेशपुर हेलीपैड पहुंचने के बाद उनका काफिला एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर (गणेशपुर से डाटकाली मंदिर तक) से गुजरेगा। डाटकाली मंदिर में दर्शन के बाद काफिला महिंद्रा ग्राउंड (गढ़ी कैंट) पहुंचेगा, जहां जनसभा का आयोजन होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि डाटकाली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड तक सड़क के दोनों ओर 30,000 कार्यकर्ता खड़े होकर प्रधानमंत्री पर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके लिए देहरादून, सहारनपुर, हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों से कई टन गुलाब की पंखुड़ियां मंगाई गई हैं। रैली में भी 30,000 से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है। भाजपा ने देहरादून ग्रामीण, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी के नरेंद्रनगर और उत्तरकाशी से कार्यकर्ताओं की टीमें लगाई हैं। पीएम मोदी रैली के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत भी करेंगे। मकसद चुनावी माहौल को नई ऊंचाई देना है, ताकि 2027 में भाजपा उत्तराखंड में हैट्रिक लगा सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बृहस्पतिवार को पीएम मोदी की रैली और एक्सप्रेसवे लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरा कार्यक्रम भव्य और सुव्यवस्थित हो। दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे के चालू होने से दिल्ली से देहरादून की यात्रा मात्र 2.5 घंटे में पूरी हो सकेगी, जो वर्तमान में 6-8 घंटे लगती है। इस परियोजना से पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री इस दौरान एशिया के सबसे लंबे वाइल्डलाइफ कॉरिडोर को भी समर्पित करेंगे। भाजपा के लिए यह कार्यक्रम दोहरी मायने रखता है एक ओर राज्य को विकास की सौगात, दूसरी ओर संगठन को चुनावी जोश। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पहले के कार्यक्रमों के बाद पीएम मोदी की यह यात्रा भाजपा की तैयारियों को नई बुलंदी देगी।