‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशनः नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई! हल्द्वानी में महिला तस्कर गिरफ्तार, 36 लाख की स्मैक बरामद
हल्द्वानी। ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनीताल पुलिस ने 36 लाख की स्मैक के साथ महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक टीम ने 27 मार्च को एफटीआई गेट के पास चेकिंग के दौरान एक महिला को 132 ग्राम स्मैक के साथ रंगे हाथों पकड़ा। बरामद स्मैक की कीमत करीब 36 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान जोया खान के रूप में हुई है, जो बनभूलपुरा क्षेत्र की निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। बता दें कि नैनीताल पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस द्वारा इस वर्ष मात्र तीन महीनों में 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 18 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इस दौरान कुल 2 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की स्मैक बरामद की गई है। इस बड़ी उपलब्धि पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 2000 रुपये के इनाम से भी सम्मानित किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का साफ कहना है कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ड्रग्स तस्करों की अवैध संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है, ताकि इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। पुलिस टीम में उ.नि. भूपेन्द्र सिंह मेहता, मनोज कुमार, कांस्टेबल तारा सिंह, अनिता फुलेरिया शामिल रहीं।