संपर्क क्रांति ट्रेन में फिल्मी अंजाम में लूटपाट: दो लोगों से पिस्टल की नोक पर 7 लाख रुपए लूटे,फायरिंग कर चलती ट्रेन से कूदे बदमाश
रुद्रपुर | उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बुधवार सुबह बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद तीन बदमाशों ने दो कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए उनकी कमर पर बंधे सात लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बिलासपुर स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही हवाई फायरिंग करते हुए चलती ट्रेन से नीचे कूदकर फरार हो गए। इस घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी स्थित 'जपनीत ऑटो' के दो कर्मचारी, रितिक मंडल और साहिब सिंह, ऑटोमोबाइल सामान खरीदने के लिए दिल्ली जा रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने सात लाख रुपये नकद एक बेल्ट में डालकर अपनी कमर पर बांधे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को इस मोटी रकम की भनक पहले से थी। तीनों संदिग्ध बदमाश रुद्रपुर स्टेशन से ही ट्रेन में सवार हुए और लगातार कर्मचारियों की रेकी करते रहे। जैसे ही ट्रेन उत्तर प्रदेश के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची और उसकी गति धीमी हुई, बदमाशों ने अपना असली रंग दिखाया। उन्होंने रितिक और साहिब के सिर पर तमंचा और पिस्टल तान दी। जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने उनकी कमर से नोटों से भरी बेल्ट खोल ली। लूट के बाद किसी ने पीछा करने की हिम्मत न की, क्योंकि बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और पलक झपकते ही पटरी पर कूदकर ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में भारी संख्या में व्यापारी रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गए। व्यापारियों ने आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा से मुलाकात कर नाराजगी जताई। संजय जुनेजा ने कहा कि चलती ट्रेन में इस तरह की लूट व्यापारियों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान है। उन्होंने मांग की कि रेलवे में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों को तत्काल सलाखों के पीछे भेजा जाए। आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई है। बिलासपुर और आसपास के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।