'नमो' मय हुई दून घाटी: पीएम मोदी ने किया दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का आगाज़, 12 किमी लंबा रोड शो और आस्था के संगम से थमी राजधानी की रफ्तार
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के इतिहास में आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहुप्रतीक्षित 'दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर' का विधिवत लोकार्पण कर दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी को मात्र 2.5 से 3 घंटे में समेट दिया है। प्रधानमंत्री बनने के बाद 28वीं बार उत्तराखंड पहुंचे मोदी का स्वागत राजधानी देहरादून में किसी उत्सव की तरह हुआ। 12 किलोमीटर लंबे भव्य रोड शो और डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ पीएम ने राज्य को 11,963 करोड़ रुपये की इस महापरियोजना की सौगात दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भव्य स्वागत के बीच दिल्ली-दून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे) का लोकार्पण कर दिया। इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट से अब दिल्ली से देहरादून की दूरी महज ढाई से तीन घंटे रह जाएगी। पीएम मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद २८वीं बार उत्तराखंड पहुंचे हैं। सुबह डाट काली मंदिर में मां काली के दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद पीएम मोदी 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के लिए निकले। यह देहरादून में पहला ऐसा लंबा रोड शो है, जिसमें हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। 12किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर लोगों ने पीएम का भव्य अभिनंदन किया। रोड शो के दौरान एलिवेटेड रोड पर पीएम मोदी कार से उतरकर खुद प्रोजेक्ट का निरीक्षण भी किया और व्यू प्वाइंट से पूरे कॉरिडोर का नजारा लिया। इसके बाद वे शहीद जसवंत मैदान (गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड) पहुंचे, जहां विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले से ही स्थल पर मौजूद थे और लोगों की भारी भीड़ जुट रही थी। यह प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण और विकास का बेहतरीन उदाहरण है। राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में बनाया गया १२ किमी ऊंचा एलिवेटेड कॉरिडोर वन्यजीवों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करेगा, साथ ही ट्रैफिक को सुगम बनाएगा। चारधाम यात्रा, पर्यटन और व्यापार को भी इससे बड़ा बल मिलेगा। रोड शो से पहले पीएम मोदी डाट काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। मंदिर में बच्चों ने महिषासुरमर्दिनी स्तोत्रम् का पाठ किया, जिसे पीएम ने बेहद ध्यान से सुना। उनके चेहरे पर प्रसन्नता साफ झलक रही थी। पूजा के दौरान मंदिर का माहौल भक्तिमय हो गया। उत्तराखंड के विकास में पीएम मोदी का यह दौरा अहम माना जा रहा है। उन्होंने केदारनाथ, बद्रीनाथ और मुखबा जैसे पवित्र स्थलों का कई बार दौरा किया है। इस बार एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ ही राज्य की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। जनसभा में लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। सड़कों पर जगह-जगह फूलों की मालाएं, झंडे और स्वागत गेट सजे हुए थे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उत्तराखंड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगा। दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे न सिर्फ यात्रा समय कम करेगा बल्कि ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर पूरे क्षेत्र का चेहरा बदल देगा। पीएम मोदी के इस दौरे को उत्तराखंडवासी लंबे समय तक याद रखेंगे।वही विशेषज्ञों का मानना है कि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। दिल्ली से मात्र ढाई घंटे में देहरादून पहुंचने की सुविधा से वीकेंड टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।