Aug 23, 2026 Login

मोदी के स्वागत को सज रही दून घाटी: सीएम धामी ने जसवंत ग्राउंड में परखीं तैयारियां, डाट काली मंदिर में टेका माथा

Doon Valley Decked Up to Welcome Modi: CM Dhami Reviews Preparations at Jaswant Ground, Offers Prayers at Dat Kali Temple

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को भव्य और निष्कलंक बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सघन स्थलीय निरीक्षण किया। सीएम धामी ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग का जायजा लिया और कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर व्यवस्था समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लाखों नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सीएम ने सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने, यातायात की सुव्यवस्थित योजना तैयार करने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जसवंत ग्राउंड में मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य जरूरी इंतजामों की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां होनी चाहिए। कोई भी कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के भी सख्त निर्देश जारी किए। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मां डाट काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की पूर्ण सफलता के लिए प्रार्थना की। पूजा के दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से गहरा आध्यात्मिक लगाव है और उनका यह दौरा विकास की नई गाथा लिखेगा। बताया जा रहा है कि १४ अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। इस दौरान एक भव्य जनसभा का भी आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई केंद्रीय और राज्य मंत्री, सांसद-विधायक मौजूद रहेंगे। एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से दिल्ली-देहरादून की यात्रा मात्र ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी, जो पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास को नई गति देगा। सीएम धामी के इस निरीक्षण से प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारी अब अंतिम चरण में हैं और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को परख रहे हैं। प्रदेशवासी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उत्साहित हैं। यह दौरा न केवल विकास परियोजनाओं को समर्पित करने का अवसर होगा, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की आस्था और आधुनिकता का अनुपम संगम भी साबित होगा।