नैनीताल जिला बार में डिजिटल क्रांति: एआई युक्त ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ, 27 लाख से अधिक मामलों का डाटाबेस उपलब्ध

Digital revolution at Nainital District Bar: AI-enabled e-library launched, database of over 27 lakh cases available

नैनीताल। न्यायिक कार्यप्रणाली को तकनीकी मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला बार एसोसिएशन नैनीताल में गुरुवार को अत्याधुनिक डिजिटल ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश ने इस पहल को न्यायिक प्रक्रिया को गति देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालयों से प्रतिदिन जारी होने वाले आदेशों और निर्णयों की त्वरित उपलब्धता अधिवक्ताओं और वादकारियों दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है। डिजिटल संसाधनों के माध्यम से अधिवक्ता अब नवीनतम न्यायिक फैसलों और विधिक तथ्यों तक तुरंत पहुंच सकेंगे, जिससे न्याय व्यवस्था अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनेगी।


बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवत प्रसाद ने बताया कि ई-लाइब्रेरी में उच्चतम न्यायालय तथा देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों से जुड़े 27 लाख से अधिक प्रकरणों का विस्तृत डाटाबेस उपलब्ध है। इससे अधिवक्ताओं को शोध कार्य में व्यापक सहायता मिलेगी और मुकदमों की तैयारी में लगने वाला समय काफी कम होगा।
एसोसिएशन के सचिव दीपक रूवाली के अनुसार यह डिजिटल ई-लाइब्रेरी अत्याधुनिक एआई फीचर्स से लैस है। सिविल, क्रिमिनल, सर्विस, ट्रिब्यूनल और Negotiable Instruments Act (एन.आई. एक्ट) सहित विभिन्न मामलों में प्रश्न पूछने पर यह प्रणाली त्वरित और सटीक उत्तर प्रदान करती है। इसके अतिरिक्त याचिकाओं और प्रार्थना पत्रों की ड्राफ्टिंग में भी यह तकनीक बेहद उपयोगी सिद्ध होगी।
नई व्यवस्था को नैनीताल की न्यायिक प्रणाली में तकनीकी क्रांति की शुरुआत माना जा रहा है। अधिवक्ताओं ने इसे डिजिटल युग की दिशा में दूरदर्शी और सशक्त पहल बताते हुए कहा कि इससे न्याय प्रक्रिया अधिक सुलभ, सरल और परिणामकारी बनेगी।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शंकर सिंह चौहान सहित अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता तथा बार क्लर्क आनंद चंद्रा उपस्थित रहे।