राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर सीएम धामी का करारा तंज! कहा-चुनाव के समय नेताओं का आना-जाना सामान्य बात है, पहले आते तो दिखती गंभीरता
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चुनावी सरगर्मियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखा तंज कसा है। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के दौरे को पूरी तरह चुनावी बताते हुए कहा कि चुनाव के समय नेताओं का इस तरह आना-जाना लगा रहता है और इसमें कोई नई बात नहीं है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "चुनाव के इस दौर में अब कांग्रेस के कई नेता बार-बार उत्तराखंड आएंगे, यह बेहद सामान्य बात है। अगर राहुल गांधी चुनाव के माहौल से पहले उत्तराखंड आए होते, तो उनकी गंभीरता समझ में आती। अब केवल चुनावी फायदे के लिए उनका यह दौरा हो रहा है। युवाओं और परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस द्वारा सरकार को घेरने की कोशिशों पर सीएम धामी ने कड़ा पलटवार किया। पेपर लीक के मुद्दे पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में पेपर लीक जैसी गड़बड़ियां कांग्रेस की सरकारों के समय होती थीं, हमारी सरकार में नहीं। सीएम ने दो टूक कहा, "ये सवाल तो कांग्रेस को खुद से और अपने पार्टी के नेताओं से पूछना चाहिए कि उनके समय में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ क्यों होता था? गौरतलब है कि राहुल गांधी आगामी 17 जुलाई को उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे राजधानी देहरादून में आयोजित 'छात्रों की गूंज' सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और युवाओं व छात्रों से संवाद करेंगे। राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर जहां उत्तराखंड कांग्रेस अपनी पूरी ताकत झोंकने में जुटी है और इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रही है, वहीं भाजपा इसे केवल एक 'चुनावी स्टंट' करार देकर लगातार हमले बोल रही है। मुख्यमंत्री के इस ताजा बयान के बाद राज्य में राजनीतिक पारा और चढ़ना तय माना जा रहा है।