जन आक्रोश महिला सम्मेलन' में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी! कहा-महिलाओं के अधिकार,मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए पूरा एनडीए एकजुट
पटना। राजधानी पटना के कारगिल चौक पर सोमवार को एनडीए की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित 'जन आक्रोश महिला सम्मेलन' में शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए और नारी शक्ति वंदन अधिनियम (33 प्रतिशत महिला आरक्षण) के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब तक महिलाओं को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक इस जन आक्रोश को ज्वाला बनाकर जिंदा रखना होगा। हजारों की संख्या में जुटी महिलाओं को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने महिलाओं के अधिकारों के लिए कानून बनाया, लेकिन कांग्रेस और राजद जैसे विपक्षी दलों ने इसमें रुकावटें पैदा कर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को सांसद और विधायक बनाना चाहते हैं। उन्होंने लालू प्रसाद यादव, राहुल गांधी, अखिलेश यादव और एमके स्टालिन का नाम लेते हुए कहा कि इन नेताओं की मंशा यह है कि किसी गरीब परिवार की बेटी सदन तक न पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के जरिए बताया कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए संशोधनों से बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि यदि बिहार में वर्ष 2029-30 में नए परिसीमन के तहत चुनाव होते हैं, तो बिहार विधानसभा में महिला विधायकों की संख्या वर्तमान 29 से बढ़कर कम से कम 122 हो जाएगी। सम्राट चौधरी ने याद दिलाया कि एनडीए सरकार ने ही बिहार में पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, जिससे आज 59 प्रतिशत महिला प्रतिनिधि चुनकर आई हैं। इसके अलावा, जीविका समूहों के जरिए 1 करोड़ 81 लाख बहनों को मुख्यधारा से जोड़ा गया है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, "अब बिहार में आपका भाई सम्राट चौधरी आपके साथ खड़ा है। यदि महिलाओं की सुरक्षा में कोई बाधा बनेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा, उसे पाताल से भी खोज निकाला जाएगा।" उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार और नितिन नवीन के नेतृत्व में पूरा एनडीए महिलाओं के मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए एकजुट है। सम्राट चौधरी ने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रखंड और जिला स्तर पर इस आंदोलन को चलाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बताएं कि नरेंद्र मोदी सरकार उन्हें सदन पहुंचाने के लिए संकल्पित है, जबकि विपक्ष केवल परिवारवाद में उलझा है। उन्होंने सम्मेलन में शामिल महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि महिलाओं को अधिकार दिलाकर ही एनडीए दम लेगा। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलायें हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विपक्ष के विरोध में नारे लगाती नजर आईं।