पटना में दुस्साहस: शराब माफिया ने मद्य निषेध विभाग की टीम पर की अंधाधुंध फायरिंग,शीशे चीरती हुई निकलीं गोलियां,बाल बचे अधिकारी और जवान
पटना।बिहार में शराब माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे कानून के रखवालों पर भी जानलेवा हमला करने से बाज नहीं आ रहे हैं। राजधानी पटना के पालीगंज अनुमंडल इलाके में मंगलवार की देर रात शराब तस्करों और अपराधियों ने मद्य निषेध विभाग की टीम को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस सनसनीखेज हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। अपराधियों द्वारा चलाई गई गोलियां टीम की सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी के दरवाजे के शीशे को बेधती हुई पार निकल गईं। इस दुस्साहसिक हमले में गाड़ी में सवार मद्य निषेध विभाग के अधिकारी, होमगार्ड के जवान और हिरासत में लिए गए आरोपी बाल-बाल बच गए।
पालीगंज अनुमंडल के मद्य निषेध विभाग के अधिकारी वैद्यनाथ यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की एक विशेष टीम गुप्त सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग वाहनों से इलाके में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने निकली थी। टीम ने महराजगंज मुसहरी इलाके में सफलतापूर्वक छापेमारी की और मौके से पांच शराबियों को रंगेहाथ दबोच लिया। टीम इन सभी आरोपियों को अपनी सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर मद्य निषेध थाना पालीगंज की ओर वापस लौट रही थी। हमले की पूरी पटकथा पहले से तैयार थी। जैसे ही पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम की गाड़ियां अख्तियारपुर पुल के पास पहुंचीं, वहां अंधेरे में पहले से ही घात लगाकर बैठे हथियारबंद बदमाशों ने स्कॉर्पियो को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अपराधियों की एक गोली स्कॉर्पियो के दाहिने गेट के शीशे में छेद करते हुए बाएं गेट के शीशे को तोड़कर बाहर निकल गई। गाड़ी में मौजूद होमगार्ड के जवान प्रिंस कुमार मिश्रा ने बताया कि गोली उनके बेहद करीब से गुजरी। उन्होंने बताया कि हमलावर बेहद आक्रामक थे और गाड़ी में बंद पांचों आरोपियों को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस टीम की मुस्तैदी के कारण अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। घटना की भयावहता को देखते हुए स्थानीय थाना पुलिस को तुरंत सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पालीगंज थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पालीगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया, "देर रात अख्तियारपुर पुल के पास मद्य निषेध विभाग की टीम पर फायरिंग की यह घटना हुई है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में मद्य निषेध कानून को लागू कराने वाली टीमों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीमें इलाके में संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।