पुलिस और बदमाश के बीच खूनी मुठभेड़: बैरियर तोड़कर भागा शातिर अपराधी, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बीती रात दून पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे घायल अवस्था में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटनाक्रम के अनुसार, 16 अप्रैल की मध्य रात्रि को पुलिस कंट्रोल रूम को हर्रावाला क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद स्विफ्ट कार (UK08TA-9193) के घूमने की सूचना मिली। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कार चालक ने रुकने के बजाय पीली कोठी से हाईवे की ओर दौड़ लगा दी। आरोपी ने हर्रावाला चौकी पर पुलिस बैरियर को भी तोड़ दिया और तेजी से हरिद्वार की ओर भागने लगा। एसएसपी के निर्देश पर जिले के सभी चेक पोस्ट अलर्ट कर दिए गए। पुलिस द्वारा लगातार पीछा किए जाने पर कुआंवाला से करीब 1 किमी आगे बदमाश की कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे एक एनएच (NH) बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद आरोपी कार छोड़कर जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 26 वर्षीय क्रान्तानाथ (निवासी सपेरा बस्ती, पथरी, हरिद्वार) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा (315 बोर), दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी डोईवाला और रानीपोखरी में चोरी के कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि दून पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। हाल ही में राजपुर क्षेत्र के चर्चित रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में फरार दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट संदेश दिया है कि 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान जारी रहेगा और शहर की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।