बड़ी खबरः लोकसभा में ‘विकसित भारत जी राम जी’ बिल पेश! विपक्ष का विरोध प्रदर्शन, गरमाई सियासत
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने मनरेगा योजना के नाम को ‘वीबी जी राम जी योजना’ करने का प्लान बनाया है। इसके लिए आज मंगलवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश कर दिया है। इसको लेकर अब सियासत भी गरमाती नजर आ रही है। विपक्ष ने इसका विरोध करता दिख रहा है। मामले में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक कानून को कमजोर करता है और इसे वापस लिया जाना चाहिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि किसी की मनमानी, महत्वाकांक्षा और पूर्वाग्रह के आधार पर कोई कानून पारित नहीं किया जाना चाहिए। इस विधेयक के विरोध में कांग्रेस के सांसदों ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की तस्वीर लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिनके नाम पर एमजीएनआरईजीए का नाम रखा गया है। प्रियंका गांधी ने लोकसभा में इस बिल का विरोध करते हुए कहा कि मैं इसका कड़ा विरोध दर्ज करती हूं। एमजीएनआरईजीए पिछले 20 वर्षों से ग्रामीण भारत को आजीविका प्रदान करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सफल रहा है। यह इतना क्रांतिकारी कानून है कि जब इसे लाया गया था, तब संसद में सभी राजनीतिक दलों ने इसका समर्थन किया था। यह देश के सबसे गरीब लोगों को साल में 100 दिन का रोजगार प्रदान करता है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने हर योजना का नाम बदलने की होड़ पर सवाल उठाया। उन्होंने जिक्र किया कि कैसे ऐसे कदम उठाने पर केंद्र सरकार को खर्च उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बिना चर्चा और सदन की सलाह लिए जल्दबाजी में विधेयक पारित नहीं किया जाना चाहिए। इस विधेयक को वापस लिया जाना चाहिए और सरकार को एक नया विधेयक लाना चाहिए।