नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर बड़ा हादसा:ताकुला के पास खाई में गिरी कार,तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह,5 लोग घायल
नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ताकुला के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरी एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, एसडीआरएफ, दमकल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्विफ्ट कार (संख्या UP16 AL 0982) तेज गति से चल रही थी। ओवरटेक करने के दौरान वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। घटना के समय अंधेरा होने के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम खाई में उतरी और कार में सवार पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से बीड़ी पांडेय जिला अस्पताल, नैनीताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया गया कि कार में सवार सभी लोग रामपुर के निवासी हैं और नैनीताल घूमने के लिए आ रहे थे। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।