ब्रेकिंग!अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो और ब्लैकमेलिंग मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर पहुंची देहरादून ,एसआईटी के सामने हुई पेश!
देहरादून।
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग प्रकरण में सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर शुक्रवार को देहरादून में गठित विशेष जांच टीम (SIT) के समक्ष पेश हुईं। एसआईटी द्वारा इस मामले में उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सामने आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर पिछले कुछ समय से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रही थीं। उनका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ बताया जा रहा था। इस बीच हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके आवास पर नोटिस चस्पा कर उन्हें बयान और साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने को कहा था।
उल्लेखनीय है कि अभिनेत्री उर्मिला सनावर सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत गोविंद नगर मोहल्ले की निवासी हैं। वह हरिद्वार जिले की ज्वालापुर विधानसभा से पूर्व विधायक सुरेश राठौर से विवाह के बाद सुर्खियों में आई थीं। हाल के दिनों में उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर खुलकर बयान दिए थे और मामले में भाजपा से जुड़े कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे।
बीते 29 दिसंबर को उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर अपने आरोप सार्वजनिक किए थे। इसके बाद से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिस पर पुलिस ने सक्रियता बढ़ाते हुए नोटिस जारी किया। शनिवार शाम तक भी उनसे मोबाइल पर संपर्क स्थापित नहीं हो सका था।
बताया जा रहा है कि उर्मिला सनावर फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं और कई फिल्मों व धारावाहिकों में अभिनय कर चुकी हैं।
इधर, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी की ओर से देहरादून के डालनवाला थाने में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने जानबूझकर सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक वीडियो प्रसारित कर पार्टी की छवि धूमिल करने और सामाजिक तनाव फैलाने का प्रयास किया। तहरीर में कांग्रेस, यूकेडी और आम आदमी पार्टी को भी कथित साजिश का हिस्सा बताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।