बड़ी खबरः BCCI के निर्देश के बाद KKR ने लिया बड़ा फैसला! बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को किया रिलीज

Big news: Following BCCI's directive, KKR takes a major decision! Bangladeshi bowler Mustafizur Rahman is released.

नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। बता दें कि इससे पहले बीसीसीआई ने मुस्ताफिजुर को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद केकेआर की ओर से ये फैसला लिया गया। गौरतलब है कि केकेआर ने पिछले महीने हुई आईपीएल की मिनी नीलामी के दौरान मुस्ताफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ उसकी कड़ी बोली लगी थी। 30 वर्षीय तेज गेंदबाज के लिए यह आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा सौदा साबित हुआ था। बीसीसीआई के निर्देशों के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आधिकारिक बयान में कहा गया कि केकेआर ये पुष्टि करती है कि आईपीएल की नियामक संस्था के तौर पर बीसीसीआई/आईपीएल ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग सीजन से पहले फ्रेंचाइजी को मुस्ताफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था। बयान में आगे कहा गया कि बीसीसीआई के निर्देशों के तहत सभी जरूरी प्रक्रियाओं और परामर्श के बाद रिलीज करने का फैसला किया गया। बीसीसीआई ने आईपीएल नियमों के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी शामिल करने की अनुमति दी है। इस बारे में आगे की जानकारी समय पर साझा की जाएगी। बता दें कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के बाद वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भारत ने चिंता जताई थी। इसके बाद से ही मुस्ताफिजुर रहमान की आईपीएल 2026 में भागीदारी को लेकर बीसीसीआई पर दबाव बढ़ता जा रहा था। इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी और कुछ सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने मौजूदा हालात में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल करने पर सवाल उठाए थे। इस आलोचना का दायरा केकेआर के सह-मालिक और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान तक भी पहुंच गया था।