बड़ी खबरः तारिक रहमान बने बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री! हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह
नई दिल्ली। बांग्लादेश में आज बीएनपी चीफ तारिक रहमान ने नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। इसी के साथ अब बांग्लादेश की कमान बांग्लादेश नेशनल पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान संभालेंगे। वह देश के 11वें प्रधानमंत्री बने हैं। आम चुनावों में बंपर जीत के साथ ही वह अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद युनूस की जगह इस पद को संभालेंगे। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन ढाका में संसद भवन के साउथ प्लाजा में शाम 4 बजे हुआ। उनको राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने शपथ दिलाई। तारिक के साथ नई सरकार के मंत्रिमंडल को भी शपथ दिलाई गई। इनमें डॉ. खलीलुर रहमान (विदेश मंत्री), सलाहुद्दीन अहमद (गृहमंत्री), डॉ. अमीर खसरू महमूद (वित्त और प्लानिंग मंत्री), शमा ओबैद (विदेश राज्य मंत्री) पद संभालेंगे। इस शपथ ग्रहण में दुनिया के अलग-अलग देशों के न्यौता भेजा गया। भारत से लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और विदेश सचिव विक्रम मिस्री शामिल होने के लिए ढाका पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ। इनके अलावा मलेशिया के पीएम, पाकिस्तान, मालदीव, तुर्की और श्रीलंका के प्रतिनिधि समारोह में मौजूद रहे। साथ ही चीन, सऊदी अरब, यूएई और ब्रुनेई को भी समारोह का आमंत्रण भेजा गया।