बड़ी खबरः उत्तराखण्ड में सनसनीखेज वारदात! तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या, दरवाजा खटखटाया और चला दी गोली
देहरादून। उत्तराखण्ड के ऋषिकेश से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, यहां शिवाजी नगर में एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक जब महिला घर पर अकेली थी, तभी एक युवक बाइक से गली में आया और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला तो युवक ने जाली वाले दरवाजे से पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे महिला के सीने पर लगी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच तेज कर दी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मृतक महिला की पहचान 32 वर्षीय प्रीति रावत, निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह शिवाजी नगर में किराये पर कमरा लेकर पिछले एक साल से रह रही थी और आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में नौकरी करती थी। कमरे में लकड़ी व जाली के दो दरवाजे हैं। महिला ने सिर्फ अंदर वाला लकड़ी का दरवाजा खोला था। जाली वाला बंद ही था। तभी आरोपी युवक ने गोली चला दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को जाली तोड़ कर घर के अंदर जाना पड़ा। बताया जा रहा है कि महिला का आठ साल का बेटा है जो अपने नाना के साथ रहता है। पुलिस के अनुसार मकान मालिक ने किराये पर रह रही महिला का सत्यापन नहीं कराया था। इसके संबंध में मकान मालिक से पूछताछ के बाद कार्यवाही की जाएगी। एसपी जया बलूनी ने बताया कि हत्या का मामला संज्ञान में आया है। वारदात क्यों हुई और किसने की, जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, जल्द खुलासा किया जाएगा।