बड़ी खबरः खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में भड़का जनाक्रोश! कराची में यूएस दूतावास में आगजनी और तोड़फोड़, अमेरिकी सैनिकों की फायरिंग में 8 की मौत
नई दिल्ली। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां कराची में उग्र प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने अमेरिकी दूतावास परिसर के बाहर आगजनी और तोड़फोड़ की। स्थिति बिगड़ने पर यूएस कॉन्सुलेट में तैनात अमेरिका के जवानों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए गोली चलाई जिसमें 8 लोगों के मारे जाने की खबर है। घटना उस समय शुरू हुई जब बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कराची के एमटी खान रोड पर स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी ईरान में अयातुल्ला खामेनेई और उनके परिवार को निशाना बनाए जाने के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर रहे थे। तभी हालात बेकाबू हो गए और प्रदर्शनकारियों ने दूतावास परिसर में घुसने की कोशिश की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और वहां तैनात अमेरिकी सुरक्षा बलों ने पहले भारी आंसू गैस के गोले छोड़े और फिर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। बचाव अधिकारियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस हिंसा में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी सुरक्षा बल तैनात है। यह घटना दिखाती है कि ईरान पर हुए हमलों के बाद मुस्लिम देशों में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ कितना जबरदस्त आक्रोश है। कराची की यह हिंसा क्षेत्र में बढ़ते तनाव का ताजा उदाहरण है, जहां अब सीधे तौर पर अमेरिकी दूतावासों को निशाना बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारी लगातार अमेरिका विरोधी नारेबाजी कर रहे हैं और इस्लामिक नेताओं की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।