बड़ी खबरः 14 अप्रैल को उत्तराखण्ड आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी! कई योजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास, शासन-प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 14 अप्रैल को उत्तराखण्ड आ सकते हैं। खबरों की मानें तो वह राजधानी देहरादून में दून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे समेत कई योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इस बीच पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी का पहले चार अप्रैल को उत्तराखंड का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन कुछ राज्यों में चुनावी व्यस्तता के कारण यह टल गया था। अब प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ सकते हैं, हालांकि पीएमओ से प्रस्तावित दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। खबरों की मानें तो प्रधानमंत्री देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के अलावा टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण करने के साथ ही पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की योजना व बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री जल्द उत्तराखंड आएंगे, उनके दौरे की तैयारियां चल रही हैं।