टिहरी में भालू का आतंकः ग्राम प्रधान और वन दरोगा समेत तीन पर हमला! जंगल में मची अफरा-तफरी, घंटों चला संघर्ष
टिहरी। टिहरी जनपद में जंगली जानवरों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। थौलधार ब्लॉक के सुल्याधार क्षेत्र के नीचे थापली तोक में भालू के हमले में ग्राम प्रधान और वन विभाग के कर्मचारी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान युद्धवीर सिंह रावत, वन दरोगा अजयपाल पंवार और ग्रामीण विनोद सिंह रावत भालू की गतिविधियों का जायजा लेने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में पहले से छिपे भालू ने अचानक तीनों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। तीनों ने साहस का परिचय देते हुए काफी देर तक भालू का सामना किया और अंततः उसे वहां से खदेड़ने में सफल रहे, लेकिन इस संघर्ष में उन्हें गंभीर चोटें आईं। भालू ने अपने नुकीले नाखूनों से उनके शरीर पर कई गहरे घाव कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कंधों और कण्डी के सहारे सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका इलाज भी एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।