बेखौफ चोरों का दुस्साहस: मोबाइल मंत्रा शोरूम में फिर लाखों की चोरी,पुलिस पर उठे सवाल

Audacious thieves strike again: Millions stolen from Mobile Mantra showroom, raising questions about police effectiveness.

रूद्रपुर। रूद्रपुर के अग्रसेन चौक स्थित प्रतिष्ठित मोबाइल शोरूम मोबाइल मंत्रा को एक बार फिर अज्ञात चोरों ने निशाना बनाकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि चोरी का तरीका लगभग पूर्व की घटना जैसा ही रहा, लेकिन इस बार चोरों ने और अधिक बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने शोरूम के गेट पर लगे दरवाजे को उखाड़कर दोमंजिला शोरूम में प्रवेश किया और लाखों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्रीन पार्क निवासी गौरव मुंजाल पुत्र स्व. ओमप्रकाश मुंजाल का अग्रसेन चौक पर मोबाइल मंत्रा नाम से मोबाइल शोरूम है। रोज की तरह बुधवार रात वह शोरूम बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब उन्होंने शोरूम खोला तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। शोरूम में सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती मोबाइल, डीवीआर, लैपटॉप, हजारों की नकदी सहित मोबाइल एक्सेसरीज गायब थीं। चोर शोरूम से पानी का कैम्पर भी ऊपर ले गए और वहीं बैठकर पानी पीते हुए डिब्बों से मोबाइल निकालने के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा सहित कई व्यापारी मौके पर पहुंचे। बाजार चौकी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। गौरव मुंजाल ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी उनके शोरूम में लाखों की चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस आज तक उस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण ही नगर में चोरी, लूट और अन्य अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस घटना का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन को मजबूर होंगे। घटना की सूचना पर पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ भी मौके पर पहुंचे और बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई।