भ्रष्टाचार पर वारः उत्तराखण्ड में उपखंड शिक्षा अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार! ग्रेड देने के नाम पर स्कूल से मांगी थी 1 लाख की रकम
देहरादून। उत्तराखण्ड में विजिलेंस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए उपखंड शिक्षा अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर स्कूल को ग्रेड देने के नाम पर एक लाख रुपये की घूस मांगने का आरोप है। मामला डोईवाला विकासखंड का है, जहां तैनात उपखंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक स्कूल को बेहतर ग्रेड दिलाने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना तुरंत विजिलेंस विभाग को दी। शिकायत मिलते ही विजिलेंस टीम ने पूरे मामले में जाल बिछाया और ट्रैप प्लान तैयार किया। आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए पूरी रणनीति बनाई गई। योजना के तहत आरोपी अधिकारी नेपाली फार्म इलाके में अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत लेने पहुंचा। जैसे ही उसने पैसे लिए, पहले से घात लगाए विजिलेंस की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायवाला कोतवाली ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।