दिल्ली में फिर चाकूबाजी: दो नाबालिगों ने एक नाबालिग की चाकू से गोदकर की हत्या, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार

Another stabbing incident in Delhi: Two minors stabbed a minor to death, police arrested the accused.

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां दो नाबालिगों ने आपसी विवाद के बाद एक नाबालिग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात ख्याला इलाके में स्थित सामुदायिक केंद्र के पास सी-ब्लॉक के खुले मैदान में हुई। किसी बात को लेकर तीनों नाबालिगों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर दो नाबालिगों ने अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नाबालिग की पहचान सोहेल के रूप में हुई है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे पुलिस को चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सोहेल को तुरंत गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि सोहेल के पेट में चाकू के गंभीर घाव थे। मृतक सोहेल अपने माता-पिता और दो भाइयों के साथ ख्याला इलाके में रहता था। उसके पिता पेशे से दर्जी हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने झगड़े के कारण हमला करने की बात कबूल की है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी नाबालिग पढ़ाई छोड़ चुके थे। एक आरोपी के पिता का निधन हो चुका है और उसकी मां घरों में काम करती हैं, जबकि दूसरे के माता-पिता एक फैक्टरी में काम करते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।