सूर्या हत्याकांड में एक और बड़ा एक्शनः मुख्य आरोपी असद के घर पर नोटिस चस्पा! 15 दिन में अवैध कब्जा हटाने का अल्टीमेटम, ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर से पूरे इलाके में कराया गया ऐलान

Another major action in the Surya murder case: A notice has been posted at the home of main accused Asad! An ultimatum to remove the illegal encroachment within 15 days, and the announcement was made

गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार में चर्चित सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के घर के बाहर उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस चस्पा कर दिया गया है। प्रशासन ने अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए 15 दिनों के भीतर कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करेगा। रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर के माध्यम से पूरे इलाके में मुनादी करवाई। इस दौरान स्थानीय लोगों को प्रशासन की कार्रवाई और नोटिस की जानकारी दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिस मकान पर कार्रवाई की जा रही है, वह संपत्ति कागजी रिकॉर्ड में अभी भी आरोपी असद के पिता के नाम दर्ज है। हालांकि क्षेत्र में इस संपत्ति को बेच दिए जाने की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और संबंधित विभागों के रिकॉर्ड में अब तक स्वामित्व परिवर्तन दर्ज नहीं पाया गया है। इसी आधार पर प्रशासन ने संपत्ति को लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए नोटिस जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ढोल बजाकर दी गई चेतावनी
खोड़ा के नवनीत विहार में प्रशासन की कार्रवाई का तरीका भी चर्चा का विषय बना रहा। अधिकारियों ने ढोल बजवाकर और लाउडस्पीकर के माध्यम से सार्वजनिक रूप से घोषणा कराई कि 15 दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटाया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि समय सीमा समाप्त होने के बाद बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। इस घोषणा के बाद पूरे इलाके में प्रशासनिक सख्ती को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद इस प्रकार की सार्वजनिक कार्रवाई देखने को मिली है।

पीड़ित परिवार से मिले कैबिनेट मंत्री
उधर प्रदेश सरकार भी इस मामले में सक्रिय नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मृतक सूर्या प्रताप चौहान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को धमकाने या दबाव बनाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। मामले में मुख्य आरोपी असद बाद में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, जिसके बाद पूरे प्रदेश में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।