रुड़की में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस का छापा
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आंगनबाड़ी सहायिका से प्रमोशन कराने के एवज में घूस मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, देहरादून से पहुंची सतर्कता टीम ने बाल विकास अधिकारी कार्यालय, रुड़की ग्रामीण द्वितीय में छापा मारा। यहां तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी को पहले से तैयार योजना के तहत रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया गया। बताया जा रहा है कि एक आंगनबाड़ी सहायिका ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे प्रमोशन के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत के आधार पर विजिलेंस सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया और जांच के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। बुधवार को जैसे ही सहायिका ने तय रकम सौंपी, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के एक अधिकारी का नाम भी सामने आया है। हालांकि, उसकी भूमिका की जांच अभी जारी है। विजिलेंस टीम इस मामले में अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी के बाद विभागीय कार्यालयों में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जाएगी।