सत्ता की हनक या लापरवाही! उत्तराखंड में खुलेआम उड़ रही चुनाव आयोग के नियमों की धज्जिया, अब सीएम धामी पर लगे आरोप
रुद्रपुर। उत्तराखंड में चुनाव आयोग के नियमों की खुलेआम धज्जिया उड़ाई जा रही है। हालात ऐसे हैं कि खुद सीएम पुष्कर सिंह धामी पर इसके उल्लंघन के आरोप लग रहे हैं। आज दिनभर सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए, जिसको लेकर सीएम धामी समेत चुनाव आयोग और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। दरअसल पहले वायरल हुए वीडियो में सीएम धामी जी काफिला दिख रहा है, और खटीमा से आम आदमी पार्टी के विधायक प्रत्याशी एसएस कलेर अपने समर्थकों के साथ इसका विरोध कर रहे हैं। वीडियो में आप प्रत्याशी कलेर सीएम धामी से कह रहे हैं कि आप सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। उनकी शिकायत है कि चुनाव आयोग की पाबंदी लगने के बावजूद सीएम धामी ने शनिवार को देर शाम तक प्रचार किया। इस दौरान सीएम धामी आप प्रत्याशी कलेर से कह रहे हैं कि आप सही आदमी हो लेकिन गलत पार्टी में हो। सीएम धामी आप पार्टी को गलत बताते हुए आगे निकलते दिख रहे हैं जबकि कलेर और उनके समर्थक सीएम धामी के पीछे-पीछे चलकर विरोध जता रहे हैं। इस दौरान वीडियो में पुलिस कर्मी भी दिख रहे हैं और आप कार्यकर्ता पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगा रहें हैं। यही नही आप कार्यकर्ताओं का कहना है सीएम धामी चुनाव में धनबल का प्रयोग कर रहे हैं।
उधर आज एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमें खटीमा के आप समर्थकों के साथ एसएस कलेर एक गाड़ी को घेरे नजर आ रहे हैं। गाड़ी में प्रचार सामग्री दिख रही है जिसमे सीएम धामी की फ़ोटो भी दिख रही है। यही नही इस वीडियो में कलेर समर्थक आक्रोशित होते हुए गाड़ी को आग के हवाले करने की चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान वहां पर कुछ अधिकारी भी मौजूद नजर आ रहे हैं, जो कलेर समर्थकों को शान्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
आपको बता दें कि इस बार विधानसभा चुनाव के वक्त अलग-अलग पार्टियों के प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं पर पैसे व शराब बांटने का आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में चुनाव आयोग और प्रशासनिक अमले की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।