तीन बेटियों के बाद मन्नत से मिला था बेटा, सुबह मंदिर में लगाया था भोग, शाम को सोखता गड्ढे ने ली मासूम की जान
ऊधम सिंह नगर। कहते हैं नियति का क्रूर मजाक कब हँसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन ले, कोई नहीं जानता। ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जिस घर में सुबह मन्नत पूरी होने पर पूजा-पाठ और उल्लास का माहौल था, शाम होते-होते उसी आंगन से दो साल के मासूम की अर्थी उठ गई। तीन बेटियों के बाद पैदा हुए इकलौते बेटे की मौत ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।
जानकारी के अनुसार शक्तिफार्म क्षेत्र के गुरुग्राम में अमित सरकार परिवार के साथ रहते हैं। अमित और उनकी पत्नी पुष्पा ने सुरेंद्रनगर के तारकनाथ धाम शिव मंदिर में कुछ साल पहले मन्नत मांगी थी। तीन बेटियों के बाद दो साल पहले आदर्श का जन्म हुआ था। पूरा परिवार इसे दैवीय कृपा मानता था। मन्नत पूरी होने के उपलक्ष्य में मंगलवार सुबह परिजन मंदिर गए। उन्होंने शिवलिंग का जलाभिषेक कर भोग लगाया। दोपहर में परिवार में खुशी का माहौल था लेकिन किसे पता था कि शाम इतनी मनहूस होगी। दो वर्षीय आदर्श अक्सर पड़ोस में खेलने जाता था। मंगलवार शाम को भी वह खेलते हुए पड़ोसियों के घर की ओर चला गया। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान पड़ोसी के बनाए सोखता गड्ढे में मासूम का शव उतराता हुआ मिला। सोखता गड्ढे से मासूम काे अचेत हालत में निकाला गया। जिसने भी यह दृश्य देखा वह रो पड़ा। परिवार से लेकर पड़ोस तक माहौल गमगीन हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे के लिए सुबह मंदिर में भोग लगाया गया था शाम को उसकी अर्थी उठने की नौबत आ गई। आदर्श की मौत ने एक बार फिर खुले सोखता गड्ढों और असुरक्षित निर्माण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते आदर्श कब सोखता गड्ढे के पास पहुंचा और उसमें गिर गया, किसी को भनक तक नहीं लगी। आबादी के बीच बिना ढक्कन या घेराबंदी के बने ऐसे गड्ढे खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आबादी वाले क्षेत्रों में खुले गड्ढों की पहचान कर उन्हें ढकने या सुरक्षित करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि बच्चे की मौत की सूचना मिली है और पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।