नैनीताल के श्री अरविंदो आश्रम में सजी तबला, बांसुरी और भजनों की जुगलबंदी से संगीतमय संध्या!
सरोवर नगरी नैनीताल के मल्लीताल स्थित आयारपाटा हिल्स के बारा पत्थर क्षेत्र में स्थित श्री अरविंदो आश्रम वन निवास में शुक्रवार को एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम “आनंद गान” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री अरविंदो के पावन अवशेषों की स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें संगीत और भक्ति के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तारा जौहर, पद्मश्री अनूप साह एवं डॉक्टर गिरीश रंजन तिवारी रहे। वहीं कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका लोकेश जोशी और हिमांशु जोशी ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन दिया, निष्ठा, तुषिता और कृतिका द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में सिद्धांत नेगी,गौरव बिष्ट और लोकेश जोशी ने एक साथ मिलकर सगुण एवं निर्गुण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। तबला वादक हिमांशु जोशी ने एकल तबला वादन प्रस्तुत कर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। तबले पर संगत के साथ बांसुरी वादक गायत्री रेखाड़ी ने एकल बांसुरी वादन प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

इस मौके पर अरविंदो आश्रम के प्रबंधक, विभिन्न गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद रहे।