उत्तरकाशी के मोरी में बड़ा अग्निकाण्डः फीताड़ी गांव में तबाही जैसा मंजर! 12 लोगों के भवन जलकर राख, तीन गाय जिंदा जली
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक में देर रात एक बड़ा अग्निकाण्ड हो गया। यहां फीताड़ी गांव में दो लकड़ी के भवनों में अचानक आग लग गई। इस अग्निकाण्ड में 12 लोगों के भवन जलकर राख हो गए हैं, जबकि तीन गाय जिंदा जल गई। सूचना पर पुलिस, राजस्व विभाग और अग्निशमन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर तहसील प्रशासन और पुलिस सहित एसडीआरएफ की टीमें राहत बचाव का कार्य कर रही हैं। गांव में अन्य भवन भी लकड़ी के होने और उनके बीच दूरी कम होने के कारण भीषण अग्निकांड का खतरा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार गांव में लकड़ी के भवन और घनी बस्ती होने के कारण गांव में भीषण अग्निकांड का खतरा बन गया है। हालांकि ग्रामीण आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार फैलती गई। तहसील मोरी के ग्राम फिताडी के ग्राम प्रधान ने बताया कि 12 आवासीय भवनों में आग लगने की सूचना है। इधर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने फीताड़ी गांव में अग्निकांड की घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी उत्तरकाशी को तत्काल घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन सचिव से वार्ता कर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र आवश्यक मदद मिल सके।