लालकुआं के बिंदुखत्ता में दिनदहाड़े बड़ी चोरी! मर्चेंट नेवी कर्मी के घर से 15 लाख के जेवर और नकदी उड़ा ले गए चोर, CCTV में दिखा संदिग्ध युवक
लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता इलाके में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की वारदात ने क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। अज्ञात चोरों ने मर्चेंट नेवी में कार्यरत एक कर्मचारी के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है, जबकि संदिग्धों की तलाश में एसओजी टीम को भी लगाया गया है। जानकारी के अनुसार लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता स्थित तिवारी नगर चित्रकूट निवासी खड़क सिंह कोठारी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं और वर्तमान में ड्यूटी पर बाहर हैं। उनके घर पर उनकी पत्नी चंद्रा कोठारी अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे चंद्रा कोठारी अपने दोनों बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर घोड़ानाला स्थित अपने ससुराल चली गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर की रेकी करने के बाद पीछे लगे लोहे के दरवाजे को तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने बेहद इत्मीनान से घर के अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब साढ़े 11 तोले सोने के जेवरात तथा लगभग 35 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। जब चंद्रा कोठारी दोपहर बाद वापस घर लौटीं तो घर के भीतर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे जेवरात व नकदी गायब थी। यह देखकर उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही लालकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध युवक घर की ओर जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। संदिग्ध की तलाश के लिए एसओजी टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है और क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।