उत्तराखंड में बड़ा सियासी उलटफेरः भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ! दिल्ली से सामने आई तस्वीर, 2027 चुनाव से पहले बदले समीकरण
नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखण्ड में राजनीति में आज बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आज शनिवार को भाजपा के कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। पार्टी प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, उत्तराखण्ड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में भाजपा के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, घनसाली विधानसभा से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गौरव गोयल समेत मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, लाखन सिंह नेगी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा के इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने से राज्य की राजनीति में एक स्पष्ट संदेश गया है। पार्टी का कहना है कि भाजपा की नीतियों से जनता का मोहभंग हो रहा है और यही कारण है कि अब भाजपा के नेता भी कांग्रेस की ओर रुख कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट के मुताबिक प्रदेश की जनता का झुकाव लगातार कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है, जिससे पार्टी को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है और यह घटनाक्रम उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। पार्टी ने नए शामिल हुए नेताओं का जोरदार स्वागत किया, जिससे कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह तो सिर्फ शुरुआत है और आने वाले समय में भाजपा के कई और बड़े चेहरे भी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। अब इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद उत्तराखंड की राजनीति में नए समीकरण बनने तय माने जा रहे हैं। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले चुनावों में इसका क्या असर देखने को मिलेगा।