बड़ा हादसा टलाः स्कूल परिसर में खड़ी दो बसों में लगी भीषण आग! मची अफरा-तफरी, कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां अलीपुर गांव स्थित माउंट लिटेरा स्कूल परिसर में खड़ी दो स्कूल बसों में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े आठ बजे स्कूल परिसर में खड़ी एक बस से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को भांपा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। कुछ ही देर में पास में खड़ी दूसरी बस भी आग की चपेट में आ गई और दोनों बसें धू-धू कर जलने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों बसें बुरी तरह जल चुकी थीं। गनीमत रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, वरना पास में खड़ी अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। बताया जा रहा है कि मौके पर एक लाइन में पांच बसें खड़ी थीं।
चालक की सूझबूझ से बचीं अन्य बसें
इस दौरान एक बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अन्य बसों को तुरंत स्टार्ट कर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया। उसकी तत्परता से एक बड़ा नुकसान टल गया और बाकी बसों को बचा लिया गया। यह भी राहत की बात रही कि हादसा रात के समय हुआ। दिन में स्कूल में सैकड़ों बच्चे मौजूद रहते हैं, ऐसे में स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन दो बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं।बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।